प्रयागराज में महाकुम्भ मेले का आयोजन हो रहा है। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अमृत स्नान के दिन कुंभ नगरी में मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल व लापता हैं। अगर आप भी प्रयागराज जाकर संगम में डुबकी लगाने का प्लान बना रहे थे और अब भगदड़ के बाद अपने फैसले पर फिर से विचार कर रहे हैं इसका एक अन्य उपाय है। आप भी नोएडा में सेक्टर 122 के निवासियों ने जिस तरह की व्यवस्था की है, वैसा ही कुछ कर सकते हैं।
सेक्टर 122 की RWA सेक्टर के लोगों को यहीं पर संगम के जल से स्नान कराएगी। भगदड़ के बाद सेक्टर के लोगों ने प्रयागराज जाने का निर्णय बदल दिया और RWA ने यहां एक अस्थायी घाट बनाया है। इसी घाट में प्रयागराज के संगम से लाए गए जल को भरा जा रहा है, जिसमें सेक्टर के निवासी पुण्य स्नान कर पाएंगे।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज में रहने के लिए ये 7 जगहें हैं सबसे अच्छी
प्रयागराज में भगदड़ मचने के बाद यहां पर भीड़ को देखते हुए सेक्टर के लोगों ने यह व्यवस्था की है। इस घाट पर सेक्टर के निवासी और आसपास के लोग बसंत पंचमी के दिन यानी 3 फरवरी को यहां पवित्र स्नान कर पाएंगे।
बता दें कि यहां पर एक सामुदायिक केंद्र के पास छठ घाट बना हुआ है। इस घाट की साफ-सफाई करके इसमें संगम का पवित्र जल भरा जाएगा। RWA अध्यक्ष डॉ. उमेश शर्मा से दैनिक हिन्दुस्तान अखबार ने बात की है। इसमें उन्होंने बताया कि महामंडलेश्वरों ने भी कहा है कि महाकुम्भ के लिए नहीं आ पा रहे हैं तो संगम की कुछ बूंदें साफ पानी में डालकर स्नान कर सकते हैं। उसका भी उतना ही पुण्य मिलेगा।
अगर आप नोएडा के सेक्टर 122 या आसपास के इलाकों में रहते हैं तो यहां जा सकते हैं या अपने क्षेत्र में भी ऐसी ही पहल कर सकते हैं। जिससे प्रयागराज में कुछ भीड़ भी कम हो पाएगी।
