नोएडा

जेवर एयरपोर्ट तक बनेगी 25 KM लंबी नई सड़क, 7, 8, 9, 10, 11,12,13 और 16 सेक्टर से होगी डायरेक्ट कनेक्टिविटी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के लिए 25 किमी लंबी नई सड़क बनाने का प्लान तैयार किया गया है। इस परियोजना को विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

Image

जेवर एयरपोर्ट सड़क (फोटो-Istock)

ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) तक पहुंच को और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। प्राधिकरण 25 किलोमीटर लंबी और 130 मीटर चौड़ी एक नई सड़क का निर्माण करेगा, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक से शुरू होकर सिरसा, अलौदा तथा प्रस्तावित सेक्टर–16, 13, 12, 11, 10, 9, 7 और 8 से गुजरते हुए सीधे एयरपोर्ट तक जाएगी।

यह नया मार्ग न केवल यात्रियों के लिए बल्कि एयरपोर्ट के कार्गो और एविएशन हब के लिए भी एक अहम कनेक्शन प्रदान करेगा। यह कॉरिडोर यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर चलेगा, लेकिन एयरपोर्ट टर्मिनल जोन के विपरीत दिशा में होगा, जिससे एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत गौर चौक से सिरसा तक की पहले से मौजूद 30 किलोमीटर लंबी लिंक रोड को अलौदा के पास 3 किलोमीटर लंबे नए कनेक्टर से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे चौराहे पर क्लोवरलीफ इंटरचेंज या अंडरपास भी बनाया जाएगा, जिससे यातायात निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।

एयरपोर्ट की कार्गो कनेक्टिविटी

अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना के लिए लगभग 812 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण पर करीब 1,400 करोड़ रुपए और सड़क निर्माण पर 300 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। फिलहाल, यमुना प्राधिकरण चाहता है कि इस छह लेन वाले कॉरिडोर का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के माध्यम से कराया जाए। पहले चरण में एयरपोर्ट की कार्गो कनेक्टिविटी के लिए ग्रेटर नोएडा की दिशा में लगभग 5 किलोमीटर लंबा पैच तैयार किया जाएगा। इसके लिए 162 एकड़ भूमि का अधिग्रहण और करीब 280 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया है।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है, और जैसे-जैसे जमीन उपलब्ध होती जाएगी, निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद यह नई सड़क नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद के यात्रियों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने का एक तेज और सुविधाजनक विकल्प देगी। साथ ही, यह नया कनेक्ट यमुना सिटी और आसपास के इलाकों में औद्योगिक एवं रियल एस्टेट विकास को भी नई दिशा देगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article