Noida News: ईरान की तीन महिलाओं और एक युवक को यहां उनके रिश्तेदार की हत्या के आरोप में नोएडा पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 वर्षीय ईरानी महिला जीनत की शुक्रवार रात उसके परिवार और रिश्तेदारों के बीच झगड़े के दौरान चाकू से किए गए हमले में मौत हो गई। ये सभी नोएडा के सेक्टर 116 में एक ही इमारत में अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे। उन्होंने बताया कि जीनत की गर्दन पर उसके रिश्तेदारों ने चाकू मारा था, उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि सेक्टर 113 पुलिस स्टेशन ने जीनत के परिवार की शिकायत पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की और दूसरे पक्ष के आठ सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिनमें से चार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 323, 307, 302 के तहत एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, असलम उर्फ नासिर, इब्राहिम उर्फ दाऊद बोदागीजादे, अली बोदागीजादे उर्फ वहीद खान, जहरा बोदागीजादे, जीनत अहमदी, जरीन रहीमीपुर, फरशीद हमदानी और अली असगर हमीदान के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि टूरिस्ट वीजा पर भारत आए ईरानी मूल का एक परिवार और उसके रिश्तेदार रहते हैं। प्रथम तल पर फिरोज परिवार के साथ रहता है। जबकि दूसरे मंजिल पर इब्राहिम उर्फ दाउद उर्फ इमरान हाशमी और तीसरी मंजिल पर असलम का परिवार रहता है। तीनों परिवार नोएडा में रहकर कपड़ों का कारोबार करते हैं। शुक्रवार देर रात दो ईरानी परिवारों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया था। बात बढ़ने पर दाउद और फिरोज के परिवार आमने-सामने आ गए और मारपीट होने लगी। इसी दौरान दाउद ने गुस्से में आकर फिरोज की 22 वर्षीय बेटी जीनत के गले पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। अस्पताल मे उसकी मौत हो गई।
