Noida News: नोएडा में कूड़ा फेंकने वालों पर अब तीसरी आंख का पहरा रहेगा। इसके लिए मुख्य स्पॉट पर 100 सीसीटीवी कैमरों को लगाया जाना है। प्राधिकरण ने कंपनियों को आमंत्रण भेजा है। कंपनियां 16 फरवरी तक प्राधिकरण में आवेदन कर सकती हैं। 17 फरवरी को प्री क्वालिफिकेशन बिड खोल दी जाएगी। योजना पर कुल 112 लाख रुपए खर्च आने का अनुमान है।
नोएडा में निर्धारित जगह के अलावा दूसरी जगह कूड़ा फेंकने पर प्राधिकरण की ओर से होगी चालान की कार्रवाई (फाइल फोटो)
बता दें कि, स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर प्राधिकरण की ओर से ये प्लानिंग की जा रही है। इसके तहत शहर में 40 से अधिक स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां लोग रात के अंधेरे में आकर कूड़ा डालकर चले जाते हैं। सोसाइटी और आरडब्ल्यूए की ओर से भी इस तरह की शिकायतें लगातार मिलती रहती हैं। इन लोगों को पकड़ने के लिए अब सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जाएगी। इन स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। जिससे 24 घंटे इन जगहों पर नजर रखी जा सकेगी।
