नोएडा

Traffic Advisory: दिल्ली कूच करने को तैयार किसान, इन रास्तों पर लग सकता है भारी जाम; यहां देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

Traffic Advisory: अपनी मांगों को लेकर किसान एक बार फिर दिल्ली कूच करने की तैयारी कर रहे हैं। आज किसान महामाया फ्लाईओवर पर दोपहर 12 बजे एकत्र होकर दिल्ली कूच करेंगे। किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।

Image

नोएडा ट्रैफिक एडवाइजरी

Photo : iStock

Noida Traffic Advisory: दिल्ली में एक बार फिर किसान अपनी मांगों को लेकर कूच करने की तैयारी कर रहे हैं। वह दिल्ली में अपनी मांगों को सरकार के सामने रखते हुए धरना प्रदर्शन करेंगे। किसानों की दिल्ली कूच करने की सूचना मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट में आ गई। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और चेकिंग भी शुरू कर दी गई है। इस बीच भारी जाम लगने की आशंका जताई जा रही है।

आज किसान करेंगे दिल्ली कूच

अपनी मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को दिल्ली कूच करने का ऐलान किया। किसानों के ऐलान के बाद देर रात किसान नेताओं के घर पुलिस पहुंचने के बाद किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके घर दबिश कर रही है। बता दें कि किसान मोर्चा द्वारा अपनी मांगों को लेकर तीन प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। किसान 10 प्रतिशत प्लॉट, बढ़े हुए मुआवजे जैसे कई मुद्दों को लेकर दिल्ली कूच कर संसद का घेराव करने की तैयारी कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए नोएडा दिल्ली बॉर्डर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

किसानों के मार्च को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। इस दौरान कई स्थानों पर मालवाहक वाहनों की एंट्री को बंद कर दिया गया है तो वहीं आवश्यकता को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन तैयार किया गया है। जानकारी के लिए बता दें कि सोमवार, 2 दिसंबर यानी आज दोपहर 12 बजे किसान महामाया फ्लाईओवर के पास एकत्र होंगे और फिर यहां से दिल्ली कूच करेंगे। इससे पहले किसान बीते 4 दिनों से यमुना प्राधिकरण के ऑफिस के बाहर धरना दे रहे थे। मांगे पूरी न होने पर किसानों ने दिल्ली कूच करने की योजना बनाई।

गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें प्रतिबंधित मार्गों के साथ वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी दी गई है। आइए आपको जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के बारे में बताएं-

  • ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चरखा गोल चक्कर से होते हुए कालिंदी कुंज से आगे जा सकते हैं।
  • ग्रेटर नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन हाजीपुर अंडरपास होते हुए कालिंदी कुंज की ओर आगे जा सकते हैं।
  • सेक्टर 51 से 60 होते हुए मॉडल टाउन होकर दिल्ली की ओर जाया जा सकता है।
  • यमुना एक्सप्रेसवे व नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली जाने वाले मालवाहक वाहनों की एंट्रो को प्रतिबंधित किया गया है।
  • चिल्ला बॉर्डर से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहन सेक्टर 14ए फ्लाईओवर से गोल चक्कर के रास्ते सेक्टर 15 संदीप पेपर मिल चौक और झुण्डपुरा चौक से आगे जा सकते हैं।
  • डीएनडी से दिल्ली जाने वाले यात्री फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर 18 होते हुए एलिवेटेड रोड का प्रयोग करते हुए अपने गंतव्य पर पहुंच सकते हैं।
  • कालिंदी कुंज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर 37 होते हुए आगे जाना होगा।
  • पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को आज दादरी और डासना मार्ग का प्रयोग करना होगा।

गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली के और जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक के प्रेशर को देखते हुए यात्रियों को मेट्रो का अधिक से अधिक प्रयोग करने की सलाह दी है। साथ ही अतिरिक्त समय लेकर बाहर जाने का अनुरोध किया है। इस बीच यातायात पुलिस द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। यात्री 9971009001 पर संपर्क कर ट्रैफिक और वैकल्पिक मार्गों से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article