Noida News: नोएडा के एक गांव में रहने वाली महिला ने अपने पति के खिलाफ उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाता था और विरोध करने पर उसे सिगरेट से जलाता था।
सांकेतिक फोटो।
विरोध करने पर सिगरेट से जलाया
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी अक्टूबर 2023 में दिल्ली के एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति और ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। पति आए दिन उससे मारपीट करता था और जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। जब वह विरोध करती थी तो पति उसे सिगरेट से जला देता था।
मुंह में तेजाब डालने की कोशिश
महिला ने आगे बताया कि जुलाई 2024 में उसके पति ने उसके मुंह में तेजाब डालने की कोशिश की थी। इसके बाद अगस्त में पति और ससुराल वाले उसके घर आए और उसकी हत्या करने का प्रयास किया। उन्होंने महिला के गले में दुपट्टा डालकर उसका दम घोंटने की कोशिश की और उसके गहने भी छीन लिए।
महिला ने बताया कि वह अब अपने मायके में रह रही है और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रही है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
