Noida: उत्तर प्रदेश सरकार इस समय नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को नार्थ का इकोनॉमी हब बनाने में जुटी है। इसके लिए इस क्षेत्र में एक साथ कई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। यहां पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिनटेक सिटी डेवलप करने के अलावा न्यू नोएडा बनाने के प्रोजेक्ट पर भी कार्य किया जा रहा है। न्यू नोएडा को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ डेवलप किया जाएगा। यहीं से दो नए रेलवे फ्रेट कॉरिडोर भी बनाए जाएंगे। एक कॉरिडोर ग्रेटर नोएडा के दादरी से शुरू होकर मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट तक जाएगा, वहीं दूसरा कॉरिडोर अमृतसर से कोलकाता के बीच बनेगा। यह दोनों रेलवे कॉरिडोर न्यू नोएडा से होकर गुजरेंगे। इन ढेर सारे प्रोजेक्ट के कारण ही अब यहां पर प्रॉपर्टी के रेट आसामन छूने लगे हैं।
इस तरह से डेवलप होगा न्यू नोएडा सिटी
यूपी सरकार द्वारा की गई घोषणा के अनुसार न्यू नोएडा प्रोजेक्ट में गौतम बुद्ध नगर के 20 और खुर्जा और सिकंदराबाद के 60 गांवों को शामिल किया जाएगा। बताया जा रहा है कि न्यू नोएडा प्रोजेक्ट की घोषणा से पहले इन जगहों पर जमीन की कीमत 5-7 लाख रुपये प्रति बीघा थी, लेकिन प्रोजेक्ट की घोषणा के बाद यहां पर जमीन की कीमते कई गुना तक बढ़ चुकी है। जीटी रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के आसपास तो जमीन के दाम आसमान छू रहे हैं। यहां पर कई निजी कंपनियां भविष्य के प्रोजेक्ट को देखते हुए अपना गोदाम बनाने पर जुटी है। जिसकी वजह से न्यू नोएडा के आनंदपुर गांव व उसके आसपास के क्षेत्र में जमीन की कीमत अब 30 लाख रुपये प्रति बीघा तक पहुंच गई है। वहीं, खंडेड़ा गांव से सटे क्षेत्र में जमीन अब 22 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से बेची जा रही है।
