Sofa Manufacturing Company Caught Fire: नोएडा के बीटा-दो थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सोफा बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। लेकिन आग लगने से फैक्ट्री बुरी तरह से जल गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फैक्ट्री में लगी आग (सांकेतिक फोटो)
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बीटा-दो थाना क्षेत्र के साइट-4 में स्थित सोफा बनाने की एक फैक्टरी में आज सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान के दौरान तीन लोग मृत पाए गए।
ये भी पढ़ें - Bihar Memu: बिहार में सफर को मिल रही धार, इतनी मेमू ट्रेनें भर रहीं रफ्तार; सस्ते किराये में करें दिनभर सैर
आग के कारणों की हो रही जांच
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला निवासी गुलफाम (23), बिहार निवासी मजहर आलम (29) और दिलशाद (24) के तौर पर हुई है। सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि फैक्टरी के मालिक ने पीड़ितों को एक कोने में सोफा मरम्मत के लिए जगह दे रखी थी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
(इनपुट - भाषा)
