नोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक कब पहुंचेगी मेट्रो, 17 किमी लंबे रूट पर कहां बनेंगे 11 स्टेशन; संसद में गूंजा मुद्दा

Greater Noida West Metro: ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो कॉरिडोर निर्माण के लिए क्षेत्रीय सांसद महेश शर्मा ने संसद की कार्यवाही के दौरान मांग उठाई। उन्होंने शहरी विकास मंत्रालय से लंबित फाइल को आगे बढ़ाने की गुजारिश की। एक्वा लाइन पर प्रस्तावित करीब 17 किमी लंबे इस रूट पर 11 स्टेशन बनाए जाने की डीपीआर भी तैयार है।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मांग

Greater Noida West Metro: दिल्ली-एनसीआर और यूपी के मुख्य शहर नोएडा और ग्रेटर नोएडा मेट्रो कॉरिडोर से कनेक्ट हैं। लेकिन, मेट्रो की बुनियाद पर बसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो परियोजना को धरातल पर उतारना बाकी है। लिहाजा एक बार फिर क्षेत्रीय सांसद महेश शर्मा ने संसद में मुद्दे को उठाया है। उन्होंने कहा 8 वर्ष से अधिक समय होने पर भी मेट्रो निर्माण की फाइल शहरी विकास मंत्रालय के पास लंबित है। हालांकि, नोएडा मेट्रो कॉर्पोरेशन (Noida Metro Corporation) के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सरकार अपने हिस्से का अंश केंद्र सरकार को सौंप चुकी है, लेकिन फाइल पर अभी तक सुनवाई नहीं की गई। सांसद ने कहा कि शहर में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए मेट्रो कॉरिडोर का विकास होना जरूरी है। लिहाजा, त्वरित इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाए।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो की लागत

नोएडा मेट्रो ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो की संशोधित डीपीआर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजी गई थी। करीब 17 किमी लंबे इस रूट पर 11 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 3 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इस लाइन के बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को फायदा होगा। आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में करीब 8 लाख से अधिक की आबादी निवास करती है। शहर तक मेट्रो चलाने की बात कहकर शहर को बसाया गया था, लेकिन यह परियोजना अभी तक लंबित है। लिहाजा, काफी समय से लोग नोएडा मेट्रो को ग्रेटर नोएडा तक बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अब जाकर रेल कॉर्पोरेशन ने इस पर काम शुरू करने का फैसला लिया है। पिछले दिनों केंद्र को ड्रॉफ्ट बनाकर भेजा गया था।

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन रूट मैप

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन अभी 29.7 किलोमीटर लंबी है। इस रूट पर 21 स्टेशन बनाए जाने हैं। अब इसे 17.435 किलोमीटर और आगे तक बढ़ाया जाएगा। इसके लिए 11 नए स्टेशन निर्मित किए जाएंगे। इनमें बोटैनिकल गार्डन सेक्टर 44, नोएडा प्रशासनिक भवन सेक्टर 97, सेक्टर 105, सेक्टर 108, सेक्टर 93, पंचशील बालक इंटर कॉलेज और सेक्टर 142 शामिल हैं। सेक्टर 142 इस लाइन का आखिरी स्टेशन होगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!