Noida Shopping Center: गौतमबुद्धनगर जिले के सेक्टर-82 में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब सामान खरीदने के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। लोगों की परेशानी को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने मिनी शॉपिंग सेंटर बनाने का फैसला लिया है। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-82 में मिनी शॉपिंग सेंटर बनाएगा। इसके तहत भूतल पर सात दुकान बनाई जाएंगी। दुकानों के निर्माण के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। इसके निर्माण में छह महीने का वक्त लगेगा। मिनी शॉपिंग सेंटर में करीब 85 लाख रुपये की लागत आएगी।
नोएडा में बनेगा शॉपिंग सेंटर
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि शहर के सेक्टर-82 में बनने वाले मिनी शॉपिंग सेंटर में भूतल पर सात दुकानें बनाई जाएंगी। जरूरत के हिसाब से अलग-अलग तरह की दुकान यहां खोली जाएंगी। प्राधिकरण का कहना है कि यहां के लोगों की मांग पर इस मिनी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है।
