नोएडा

उत्तर प्रदेश के कमाऊ पूत हैं अपने नोएडा-ग्रेटर नोएडा, GB Nagar जिला GDP में टॉप पर, गाजियाबाद भी दूर नहीं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार कह चुके हैं कि वह राज्य की GDP को 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना चाहते हैं। इसके लिए हर जिले की GDP का आकलन किया जा रहा है, ताकि जहां जरूरत हो उस जिले को और ज्यादा पुश किया जा सके। इस लिस्ट में गौतमबुद्ध नगर फिर से नंबर 1 पर है।

Image

GDP रैंकिंग में फिर से टॉप पर गौतमबुद्ध नगर

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं और प्रयागराज में महाकुंभ स्थल को 76वां जिला घोषित किया गया है। हर जिले की अपनी आमदनी और खर्चे होते हैं। जिलों की आमदनी और खर्चों से पूरे राज्य की अर्थव्यवस्था का भी आकलन होता है। जिलों की कमाई और GDP ही मिलकर राज्य की कमाई और जीडीपी को भी बढ़ाते हैं। उत्तर प्रदेश में जिलेवार रैंकिंग सामने आई है। जिसमें गोरखपुर और वाराणसी ने अच्छी ग्रोथ दिखाई है। दिल्ली से सटा गौतमबुद्ध नगर जिला इस लिस्ट में टॉप पर है, जबकि गाजियाबाद भी टॉप 5 में जगह बनाई है।

टॉप पर गौतमबुद्ध नगर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलेवार GDP रैंकिंग तैयार की गई है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे शहर राज्य के कमाऊ पूत हैं और यहां पर खूब उद्योग-धंधे हैं। उत्तर प्रदेश ही नहीं, कई अन्य राज्यों से भी लोग यहां रोजी-रोटी कमाने के लिए आते हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के दम पर गौतमबुद्ध नगर जिला एक बार फिर GDP रैंकिंग में नंबर 1 पर है।

नवाबों की नगरी दो और गाजियाबाद 3 नंबर पर

नवाबों की नगरी और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ GDP रैंकिंग में नंबर 2 पर है। राज्य की राजधानी होने के नाते यहां पर सरकार का विशेष ध्यान रहता है और राजनीतिक गतिविधियों के साथ ही औद्योगिक गतिविधियां भी खूब होती हैं। तीसरे नंबर पर दिल्ली और नोएडा से सटा गाजियाबाद जिला है, जबकि चौथे नंबर पर कानपुर है। महोबा, अमेठी, हमीरपुर, श्रावस्ती व देवरिया जैसे जिलों को पिछड़ा माना जाता है, लेकिन इस बार इनकी रैंकिंग में उछाल देखने को मिला है। इन जिलों की GDP में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला है। स्थानीय स्तर पर छोटे और नए उद्योग लगने से यहां पर कारोबारी गतिविधियां बढ़ी हैं।

वाराणसी की रैंकिंग में सुधार, आगरा फिसला

धार्मिक नगरी वाराणसी ने जीडीपी रैंकिंग में बहुत अच्छा परफॉर्मेंस किया है। पिछली बार यह शहर 17वें नंबर पर था, जबकि इस बार इसने रैंकिंग में सुधार किया है और अब 11वें नंबर पर पहुंच गई है। गोरखपुर भी पहले 11 नंबर पर था और इस बार उसे 9वां स्थान मिला है। हालांकि, आगरा तीसरे स्थान से खिसककर 5वें नंबर पर पहुंच गया है। प्रयागराज भी चौथे से छठे नंबर पर खिसक गया है। गौतमबुद्ध नगर और लखनऊ ने अपनी नंबर 1 और नंबर 2 की स्थिति बरकरार रखी है। गाजियाबाद छठे स्थान से रैंकिंग सुधारकर तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की मुहिम में है। इसके लिए जिलेवार जीडीपी का आकलन करवाया जा रहा है, ताकि पता चल सके कि कौन सा जिला मानकों में कहां पर है और कहां पर सुधानर की गुंजाइश है। यही कारण है कि नियोजन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2022-23 की जिलेवार जीडीपी रिपोर्ट तैयार की है।

टॉप 10 GDP वाले जिलों की लिस्ट यहां है -

जिलाजीडीपी करोड़ रुपये मेंयूपी में हिस्सेदारी प्रतिशत में
गौतमबुद्धनगर168718.957.47
लखनऊ127190.095.63
गाजियाबाद120288.265.33
कानपुर74439.263.3
आगरा71291.013.16
प्रयागराज68727.113.04
मेरठ57666.022.55
बरेली53854.52.39
गोरखपुर47169.762.09
बुलंदशहर43899.751.99
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article