Noida News: नोएडा से एक खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा था। एक्सप्रेसवे पर बिना नंबर प्लेट की गाड़ी में बैठकर कुछ शख्स खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इस वीडियो में यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। रील्स बनाने के क्रेज में खतरनाक स्टंटबाजी का यह वीडियो, नोएडा एक्सप्रेसवे के पास दलित प्रेरणा स्थल का बताया जा रहा था। फेस-1 थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है।
बता दें कि, वीडियो में गाड़ी में एक चर्चित गाना भी चलता नजर रहा था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद गौतमबुद्धनगर की फेस -1 थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस विभाग जांच में जुट गया थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और 25 हजार से ऊपर का चलान भी कर दिया है।
ये था वायरल वीडियो में
मिली जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा था कि, चार पहिया वाहन पर काले रंग की फिल्म चढ़ी हुई है। गाड़ी का नंबर प्लेट भी नहीं था। चालक गाड़ी को लहरा-लहरा कर सड़क पर नचा रहा था। गाड़ी में एक से अधिक लोगों के होने की भी शंका जताई जा रही थी। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि, पहिए से धुआं निकलता दिख रहा था। इस वायरल वीडियो को सड़क पर चल रही दूसरी कार से बनाया गया था। यह वायरल वीडियो गणतंत्र दिवस की शाम का बताया जा रहा था। पुलिस आरोपियों की धर-पकड़ में जुट गई थी। बता दें कि, सड़कों पर स्टंटबाजी करते हुए वीडियो बनाने की कई घटनाएं लगातार सामने निकलकर आ रही हैं। रील्स बनाने के चक्कर में युवक अपनी जान जोखिम में डालकर सड़कों पर खुलेआम खतरनाक स्टंटबाजी कर रहे हैं।
पहले भी आ चुका है ऐसा मामला
बता दें कि, बीते दिनों गाजियाबाद के एलिवेटेड रोड पर एक युवक के मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हुआ था। हाल ही में गाजियाबाद से एक और वीडियो वायरल होने लगा था। जिसमें कुछ लड़के कार की खिड़कियों पर लटकर स्टंटबाजी करते नजर आ रहे थे। पुलिस ने तीन लड़कों को गिरफ्तार कर लिया था और उनकी कार को भी तत्काल रूप से सीज कर दिया था।
