नोएडा

Noida News: फ्लैट रजिस्ट्री के इंतजार में बैठे खरीदारों के लिए खुशखबरी, अब बिल्डर नहीं प्राधिकरण देगा प्रमाण

नोएडा में करीब 61 हजार फ्लैट पाने और रजिस्ट्री के इंतजार में बैठे लोगों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें रजिस्ट्री प्राप्त करने के लिए बिल्डरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। अब सीधे नोएडा प्राधिकरण में बकाया राशि जमा कर रजिस्ट्री की अनुमति ले सकेंगे।

Image

फाइल फोटो

Photo : BCCL

नोएडा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में फ्लैट पाने के वर्षों बाद रजिस्ट्री के इंतजार में बैठे लोगों के लिए नए साल जनवरी माह में राहत की उम्मीद जगी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जनवरी में फ्लैट की रजिस्ट्री मिलनी शुरू हो जाएगी। अब बिल्डर के बजाय सीधे प्राधिकरण को बकाया राशि देकर फ्लैट खरीद रजिस्ट्री ले सकेंगे। हालांकि, यह कैबिनेट की अगली बैठक के बाद स्पष्ट हो पाएगा। इससे पहले नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत समिति की सिफारिशों के आधार पर तैयार रिपोर्ट में कुछ संशोधन कर मंगलवार को यूपी कैबिनेट ने मंजूरी दी थी।

कैबिनेट बैठक में मिल सकती है हरी झंडी

योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में कोरोना काल के दो साल के ब्याज पर छूट देने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में बिल्डरों पर बकाए राशि की गणना नए सिरे से की जाएगी। नए सिरे से गणना करने का काम प्राधिकरण इसी सप्ताह शुरू कराएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अगले एक सप्ताह या दस दिन में बिल्डरों पर बकाए की गणना का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद बिल्डरों को बकाए की जानकारी दे दी जाएगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि कैबिनेट के फैसले के बाद बिल्डरों के बकाए में 20-25 प्रतिशत तक की कमी आएगी। इससे वे प्राधिकरण का बकाया दे सकेंगे। बकाया मिलते ही प्राधिकरण फ्लैट की रजिस्ट्री करने की अनुमति देना शुरू कर देगा। ऐसे में 15 जनवरी के आसपास अटके पड़े फ्लैट की रजिस्ट्री का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

अमिताभ कांत समिति के तहत होगी कार्रवाई

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ कांत समिति ने जो सिफारिश की थी, उसके तहत फ्लैट खरीदार रजिस्ट्री कराने के लिए अपना बकाया सीधे बिल्डर को न देकर प्राधिकरण को दे सकते हैं। अब अगर किसी खरीदार ने बिल्डर को करीब 80-90 फीसदी रकम चुका दी है और बाकी रकम रोक रखी है तो ऐसे में खरीदार बची रकम सीधे प्राधिकरण को देकर रजिस्ट्री की अनुमति पा सकते हैं। अगर खरीदार पूरी रकम अदा कर चुका है तो प्राधिकरण उसकी रजिस्ट्री की अनुमति तुरंत देगा।

61 हजार फ्लैट की रजिस्ट्री अटकी

इसके अलावा दूसरे विकल्प पर भी चर्चा हुई है। इसके तहत कुल बकाए का 25 प्रतिशत धन जल्द बिल्डरों को प्राधिकरण में जमा करना होगा। बाकी रकम तीन साल में जमा की जाने वाली रकम के अनुपात में प्राधिकरण फ्लैट की रजिस्ट्री की अनुमति देगा। नोएडा में करीब 61 हजार फ्लैट पाने और रजिस्ट्री के इंतजार में हैं। इनमें से 34 हजार खरीदारों की रजिस्ट्री होनी है और 27 हजार को कब्जा मिलना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article