क्लीनर को नौकरी से क्या निकाला उसने सोसाइटी में खड़ी एक दर्जन कारों को तेजाब डालकर खराब कर दिया। मामला नोएडा के सेक्टर-75 की सोसाइटी का है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में कार क्लीनर के रूप में काम करने वाले एक युवक ने नौकरी से निकाले जाने के बाद बदला लेने के लिए करीब एक दर्जन वाहनों को तेजाब से नुकसान पहुंचाया।
2016 से सोसायटी में काम कर रहा था
पुलिस ने कहा कि कहा कार मालिकों की शिकायत के बाद मामले में एक एफआईआर दर्ज की गई और लगभग 25 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि वह 2016 से सोसायटी में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार को सेक्टर 75 में मैक्सब्लिस व्हाइट हाउस सोसायटी में हुई, जो सेक्टर 113 पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है।
आरोपी रामराज सोसायटी में कार क्लीनर का काम करता था। कुछ निवासी उसके काम से खुश नहीं थे, इसलिए उन्होंने उसे नौकरी से हटाने का फैसला किया। हालांकि बुधवार को वह सोसायटी में पहुंचा और करीब एक दर्जन कारों पर तेजाब डालकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सेक्टर 113 थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी का पता चला
जितेंद्र सिंह ने कहा कि क्षतिग्रस्त कारों के मालिकों को सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि इस वारदात को रामराज ने अंजाम दिया था। लेकिन वह वारदात के बाद सोसायटी से भाग गया। एसएचओ ने बताया कि बाद में सोसायटी के सुरक्षा अधिकारी ने आरोपी का पता लगाया और उसे वापस लेकर आए। इसके बाद अपार्टमेंट मालिकों के संघ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जब पूछताछ की गई तो आरोपी ने पुलिस को बताया कि किसी ने उसे तेजाब दिया था, लेकिन वह साफ नहीं कर सका कि किसने दिया था। वह गोलमोल जवाब देता रहा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 427 (शरारत) के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में उसे एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
