Noida News: नोएडा से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां क्लीनिक से घर लौट रही महिला डॉक्टर के साथ स्पेक्ट्रम मॉल के पास सुनसान सड़क देख ड्राइवर ने छेड़छाड़ की, जिसके बाद महिला ने पुलिस स्टेशन में इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई। महिला के बयान के आधार पर तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला डॉक्टर ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट सेक्टर 113 नोएडा पुलिस स्टेशन में सोमवार को दर्ज करवाई थी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार की देर रात में महिला क्लीनिक से ग्रेटर नोएडा अपने एक मरीज को देखने गई थी, जिसके बाद वे सेक्टर 50 पर स्थित अपने घर लौट रही थी। उसी दौरान ड्राइवर ने उनके साथ चलती कार में छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद महिला कार से उतर गई और अपने घर फोन किया। तब मौका देख ड्राइवर वहां से भाग निकला।
आरोपी राजकुमार मंडल गिरफ्ता
छेड़छाड़ का ये मामला महिला डॉक्टर से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सेक्टर 75 स्थिति स्पेक्ट्रम मॉल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की पहचान की और बताया राजकुमार मंडल बिहार का मूल निवासी है। वो महिला डॉक्टर के लिए ढाई वर्षों से काम कर रहा था।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि महिला सोमवार को देर में सेक्टर 113 पुलिस स्टेशन पहुंची थी और वहां उन्होंने पुलिस को अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में सूचित किया। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने एक्शन लिया और एक टीम का गठन किया। मैनुअल और तकनीकी निगरानी की सहायता से आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसके आधार पर आरोपी पर कार्रवाही की जाएगी।
