Noida News: नोएडा से हाल ही एक मामला सामने आया है, जहां एक सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि, इस हादसे में तीन छात्राओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। जानकारी के अनुसार वाजिदपुर पुस्ता के पास एक ‘कंक्रीट मिक्सर’ डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे किशन बच्चों सहित नीचे गिर पड़े। पुलिस ने बताया कि यह हादसा थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
नोएडा में डंपर ने बाइक में मारी टक्कर
हादसे में 6 साल की मासूम की मौत
नोएडा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बीती रात को सर्वेश शाक्य पुत्र अजय पाल ने थाना एक्सप्रेसवे में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के मुताबिक, उनके पड़ोसी किशन अपने मोटरसाइकिल पर अपनी बेटी अनुष्का के साथ उनकी बेटियों भाग्यश्री, बबीता और नंदिनी (उम्र 6 वर्ष) को बैठाकर स्कूल (विवेकानंद पब्लिक एकेडमी, वाजिदपुर) से घर जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार बुधवार दोपहर में वाजिदपुर पुस्ता के पास एक ‘कंक्रीट मिक्सर’ डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में घायल 4 लोग अस्पताल में भर्ती
उन्होंने बताया कि इस घटना में किशन बच्चों सहित नीचे गिर गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नंदिनी डंपर के टायर के नीचे आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि किशन, भाग्यश्री, बबीता और अनुष्का को चोट आई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
(इनपुट- भाषा)
