नोएडा के सेक्टर-18 में सेक्टर-18 स्क्वायर बनाने का काम शुरू हो चुका है। इस स्क्वायर में 999 वर्ग फीट की एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है, जहां विज्ञापन, क्रिकेट और फुटबॉल मैचों का प्रसारण होगा। नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए चिनार इम्पैक्स एजेंसी का चयन किया है, जो पीपीपी मॉडल पर इसे विकसित कर रही है। शाम के समय इस स्क्रीन पर संगीत और विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम दिखाए जाएंगे।
नोएडा सेक्टर-18 में टाइम्स स्क्वायर का निर्माण शुरू (प्रतिकात्मक फोटो)
साथ ही, एजेंसी विज्ञापनों के जरिए से राजस्व प्राप्त करेगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब ढाई करोड़ रुपये है, और अगले आठ सालों में इस होर्डिंग से प्राधिकरण को लगभग आठ करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ संजय खत्री के मुताबिक, इस परियोजना को जून तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर जैसा अनुभुव मिल सकेगा।
न्यूयॉर्क जैसा बनने का प्लान अधूरा
लगभग साढ़े तीन साल पहले, नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-18 में न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर की तर्ज पर एक विशेष स्थान विकसित करने की योजना बनाई थी। इस परियोजना के तहत, लगभग 10 हजार वर्ग फुट की बड़ी स्क्रीन मल्टीलेवल पार्किंग की पीछे की दीवार पर लगाई जानी थी। हालांकि, प्राधिकरण सही एजेंसी का चयन नहीं कर सका और इस दौरान चार से पांच बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। एजेंसियों की कमी को देखते हुए, प्राधिकरण ने योजना में संशोधन करते हुए स्क्रीन के आकार को छोटा करने का निर्णय लिया।
