नोएडा

Mussoorie Car Accident: नोएडा से मसूरी जा रही कार गहरी खाई में गिरी, दो पर्यटकों की मौत, 4 लोग घायल

Mussoorie Car Accident: नोएडा से मसूरी जा रही कार हादसे का शिकार हो गई। मसूरी में शिवालिक मैगी प्वाइंट पर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में नोएडा के दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।

Image

मसूरी में खाई में गिरी कार

Mussoorie Car Accident: देहरादून से सटे मसूरी में एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो पर्यटकों की मौत हो गयी। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। कार में सवार लोग नोएडा से मसूरी घूमने जा रहे थे। तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर दो शव बरामद हुए, जबकि अन्य घायल व्यक्ति को कार से बाहर निकाला गया।

तीन लोगों को आई मामूली चोटें

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना सुबह पांच बजे देहरादून-मसूरी मार्ग पर कुठालगेट और कोल्हूखेत के बीच ऋषि आश्रम के पास शिवालिक मैगी प्वाइंट मोड़ पर हुई, जहां कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि कार में छह लोग सवार थे और सभी उत्तर प्रदेश से आए थे। हादसे के बाद इनमें से तीन कार से सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंचने में सफल रहे जबकि अन्य कार में ही फंसे रहे। घटना के बाद सड़क तक स्वयं पहुंचे लोगों को भी मामूली चोट आयी हैं। चारों घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान नोएडा के सेक्टर 134 निवासी 32 वर्षीय अनिल कुमार (चालक) और बुलंदशहर निवासी अजय (31) के रूप में हुई है जबकि घायलों में अनिल कुमार का भाई गुल्लू (29), नोएडा के सेक्टर 135 का रहने वाला राजू (30), नोएडा के सेक्टर 134 में रहने वाला सुभाष (27) और बुलंदशहर के ढकोली का रहने वाला मोनू (28) शामिल हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article