नोएडा

नोएडा में आज से मकान खरीदना हुआ महंगा, जानें अब कितना होगा खर्च

नोएडा विकास प्राधिकरण से आवंटित मकान और फ्लैट खरीदना मंगलवार से आपके लिए अधिक खर्चीला हो जाएगा। यहां नई आवंटन दरें लागू होने से आवासीय, औद्योगिक, संस्थागत और ग्रुप हाउसिंग की संपत्ति छह प्रतिशत महंगी हो जाएगी।

Image

नोएडा में मकान खरीदना हो जाएगा महंगा

आज से नोएडा में आवंटित मकान और फ्लैट खरीदना आपके लिए अधिक महंगा हो जाएगा। नोएडा विकास प्राधिकरण ने आवंटन दरें बढ़ाने का फैसला 28 मार्च को हुई बोर्ड बैठक के बाद लिया था। इस बैठक में व्यावसायिक संपत्ति की दरों में कोई इजाफा नहीं किया गया था। नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले एक एक-डेढ़ महीने में आवासीय, औद्योगिक, संस्थागत और ग्रुप हाउसिंग की संपत्ति से जुड़ी कुछ योजनाएं लाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में आने वाली योजनाओं का नई दरों से आवंटन किया जाएगा।

ए से ई सेक्टरों में छह प्रतिशत की बढ़ोतरी

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, आवासीय भूखंड की श्रेणी ए प्लस की आवंटन दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। हालांकि, श्रेणी ए से ई के सेक्टरों की आवंटन दरों में छह प्रतिशत की वृद्धि की गई है।आवंटन दरों में इस बढ़ोतरी का प्रभाव नोएडा विकास प्राधिकरण में संपत्तियों के हस्तांतरण शुल्क पर भी पड़ेगा। खास बात ये है कि लगभग दो महीने पहले, जिले के तीनों विकास प्राधिकरण द्वारा यूनिफाइड पॉलिसी लागू की गई थी, जिससे संपत्तियों के हस्तांतरण शुल्क में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई थी। औद्योगिक और संस्थागत संपत्तियों के हस्तांतरण शुल्क को 4 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया था।

ग्रुप हाउसिंग के दरों में बढ़ोतरी

ग्रुप हाउसिंग की दरों में वृद्धि कर दी गई है। अब श्रेणी ए की आवंटन दर 183040 रुपए प्रति वर्गमीटर से बढ़कर 194030 रुपए प्रति वर्गमीटर हो गई है। इसी तरह, श्रेणी बी की दर 122040 रुपए से बढ़कर 129370 रुपए प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। श्रेणी सी में 109840 रुपए प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 116430 रुपए प्रति वर्गमीटर, श्रेणी डी की दर 97650 रुपए से बढ़ाकर 103510 रुपए प्रति वर्गमीटर, और श्रेणी ई की दर 69170 रुपए से बढ़ाकर 73320 रुपए प्रति वर्गमीटर कर दी गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article