नोएडा

जेवर एयरपोर्ट के पास अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, भूमाफिया एयरपोर्ट की जमीन पर...

जेवर एयरपोर्ट के आसपास हो रहे अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, कुछ भूमाफिया जेवर एयरपोर्ट परियोजना में अधिग्रहित होने वाली जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे थे।

Image

जयपुर बुलडोजर (फाइल फोटो)

ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने जेवर एयरपोर्ट के आसपास हो रहे अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई किशोरपुर और रामनेर गांवों में की गई, जहां बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही थी। इस अभियान का नेतृत्व यमुना अथॉरिटी के सीईओ ने किया, जिनके निर्देश पर ओएसडी लैंड और एसडीएम समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। जानकारी के अनुसार, कुछ भूमाफिया जेवर एयरपोर्ट परियोजना में अधिग्रहित होने वाली जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे थे। प्रशासन को कई दिनों से शिकायतें मिल रही थी कि ये भूमाफिया किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा करके अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहे हैं और मुआवजे की रकम में हेरफेर कर रहे हैं।

भूमाफिया किसानों की जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे

इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करने का निर्णय लिया और भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ बुलडोजर चलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कई भूमाफिया किसानों की जमीन पर अवैध निर्माण करके उन्हें औने-पौने दामों में बेचने की फिराक में थे। इसके अलावा, कुछ असामाजिक तत्वों की तरफ से जमीन पर अनधिकृत ढांचे खड़े किए जा रहे थे, जिससे भविष्य में कानूनी विवाद की स्थिति पैदा हो सकती थी।

इस अभियान में यमुना अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम एयरपोर्ट, एसडीएम जेवर और पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी शामिल रहे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी यदि किसी ने एयरपोर्ट परियोजना से जुड़ी अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यमुना अथॉरिटी के सीईओ ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन अब लगातार इस इलाके की निगरानी करेगा और जो भी अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और भूमाफिया भूमिगत हो गए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article