नोएडा

Schools Bomb Threat: नोएडा के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बम स्कवॉड टीम जांच में जुटी

Noida Schools Bomb Threat: नोएडा के कई स्कूलों को आज ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। घटनास्थल पर नोएडा पुलिस, बम स्कवॉड और सभी बड़े अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं। अभी तक कुछ भी आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है।

Image

कई स्कूलों को मिली बम की धमकी

Noida Schools Bomb Threat: नोएडा के नामी स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी का मेल मिला है। इस सूचना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत ही पुलिस, बम स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड और बीडीएस टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया, जिन्होंने स्कूलों की गहन जांच की। पुलिस ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं रही, क्योंकि जांच के बाद सभी स्कूलों में स्थिति सामान्य पाई गई। कई स्कूलों में कक्षाएं फिर से शुरू हो चुकी हैं।

इन स्कूलों में स्पैम ईमेल से मिली धमकी

आज नोएडा के कई स्कूलों को ई-मेल से बम की धमकी मिली। इनमें स्टेप बाई स्टेप स्कूल, द हेरिटेज स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल और मयूर स्कूल को एक स्पैम ईमेल द्वारा बम की धमकी प्राप्त हुई। इस मामले में साइबर टीम द्वारा भेजे गए ईमेल की विवेचना की जा रही है, ताकि इस धमकी के पीछे के असल कारणों का पता चल सके। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।

अभी तक पकड़े नहीं गए आरोपी

गौरतलब है कि बीते साल दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के कई स्कूलों में लगातार धमकी भरे मेल मिलने का सिलसिला जारी रहा था, जिसके बाद स्कूल तक पहुंचे बच्चों को वापस घर के लिए रवाना कर दिया गया था और इसकी जानकारी पुलिस टीम को दी गई थी। फिलहाल एहतियात के तौर पर सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचती है और बम स्क्वॉड की टीम के साथ छानबीन की जाती है। फिलहाल यह धमकी भरा मेल भेजने वाले अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। साइबर सेल की टीम लगातार ऐसे मेल भेजने वालों को ट्रेस करने की कोशिश में जुटी हुई है। यह सिलसिला लगातार जारी है और अगर बात करें तो बीते साल ही दो महीने के अंदर दिल्ली के ही कई स्कूलों में लगभग 11 बार बम की धमकियां मिल चुकी हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article