नोएडा

सीएम योगी के दौरे से पहले अपराधियों पर नोएडा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन; एक रात में 4 एनकाउंटर, बदमाश गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले पुलिस ने चार अलग-अलग मुठभेड़ों में चार शातिर बदमाशों को घायल कर गिरफ्तार किया। सभी बदमाशों के पास से अवैध हथियार, चोरी की गाड़ियां और लूट का सामान बरामद हुआ है।

Noida Police Encounter: इन दिनों में यूपी में अपराधियों पर करारा एक्शन जारी है। इसी कड़ी में, शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा दौरे से पहले, नोएडा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार देर रात, नोएडा जोन के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इन मुठभेड़ों में चार शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।

ऐसे हुआ पहला एनकाउंटर

पहली मुठभेड़ थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की। आरोपी की पहचान रवि रंजन उर्फ बहादुर बादशाह के रूप में हुई है। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा और चोरी की बाइक बरामद की गई है।

फेस-1 से बदमाश गिरफ्तार

दूसरी मुठभेड़ थाना फेस-1 क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश दानिश को सेक्टर-14 के पास चेकिंग के दौरान रोका। दानिश अपने एक साथी के साथ मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दानिश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, चोरी की बाइक और लूट का मोबाइल फोन बरामद किया है। दानिश फेस-1 थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।

चेकिंग के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई

तीसरी मुठभेड़ थाना सेक्टर-24 पुलिस और बदमाश निखिल उर्फ वीराना के बीच हुई। निखिल चोरी की बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था। चेकिंग के दौरान रोके जाने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से चोरी की बाइक और एक तमंचा बरामद हुआ है। निखिल दिल्ली का कुख्यात अपराधी है और उस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

सेक्टर-58 में हुई चौथी मुठभेड़

चौथी मुठभेड़ थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में हुई, जहां बदमाश अजय ईश्वर चोरी की स्कूटी पर फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस द्वारा रोके जाने पर वह भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। अजय के पास से पुलिस ने 4 हजार रुपये नकद, एक चोरी की स्कूटी और तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में उसने अमन और विजय नाम के साथियों के साथ मिलकर चैन स्नैचिंग और मोबाइल लूट की वारदातें करने की बात स्वीकार की है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article