अगर आपके घर में भी छोटे बच्चे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है। कुछ स्कूलों में बच्चों की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं तो कुछ में जल्द ही शुरू हो जाएंगी। छुट्टियों में बच्चों को पूरे दिन घर के अंदर रखना अपने आप में एक चुनौती है। बच्चे भी घर में रहकर बोर हो जाते हैं और पार्क जाने की जिद करने लगते हैं। अगर आप उन्हें अकेले ही पार्क भेज देते हैं या उनके साथ जाकर भी बच्चों को खेलने के लिए छोड़कर खुद उनसे ध्यान हटा लेते हैं, किसी के साथ बात करने लगते हैं तो यह काफी खतरनाक हो सकता है। हम ऐसा क्यों कह रहे हैं, यह आपको कल यानी मंगलवार 20 मई को नोएडा में हुए एक घटना के बारे में जानकर समझ आ जाएगा। इसका वीडियो तो आपको झकझोर देगा।
पार्क की बेंच में फंसी 7 साल की बच्ची की उंगलियां
दरअसल नोएडा के सेक्टर 53 में रहने वाले एक परिवार की 7 साल की बच्ची यहां पार्क में खेल रही थी। यहां खेलते-खेलते बच्ची के दोनों हाथों की उंगलियां वहां स्टील की बेंच में फंस गईं। उंगलियां फंसते ही बच्ची दर्द के मारे कराहने लगी और उसकी रोने की आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए।
आनन-फानन में शिकायत की गई और फायर ब्रिगेड की टीम ने बेंच के हिस्से को काटकर बच्ची को वहां से आजाद कराया। लेकिन अब भी बच्ची की उंगलियां बेंच के कटे हुए टुकड़ों में फंसी हुईं थीं। उनके खून बह रहा ता। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में बड़ी ही सावधानी से स्टील की बेंच के उस उन हिस्सों को काटकर बच्ची की उंगलियों को उनसे आजाद कराया गया। इस दौरान बच्ची लगातार रोती रही। बच्ची का रोना देखकर उसके साथ मौजूद उसकी मां और पिता का भी हाल बुरा था। आखिर डॉक्टरों ने बच्ची को उस दर्द से राहत दिलाई और अब बच्ची सुरक्षित है।
