Noida Weather Report in Hindi: नोएडा समेत पूरे एनसीआर में सर्दी अपना कहर ढहा रही है। गणतंत्र दिवस के दिन भी ठंड से राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। शीतलहर ने लोगों का घर से निकलना कम कर दिया है, तो वहीं घने कोहरे ने यातायात के पहिए थाम रखे हैं। नोएडा में गणतंत्र दिवस की सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से हुई। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम रहेगी। आज यहां पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर में हल्की धूप दिख सकती है। आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोल्ड डे का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, हालांकि कोहरे का अलर्ट अभी भी जारी है।
आज नोएडा का तापमान
गुरुवार को नोएडा का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार नोएडा में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। नोएडा में आज आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे। नोएडा में रात के समय पारा तेजी से गिर सकता है। यहां पर सुबह और शाम में कड़ाके की ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है।
कब मिलेगी ठिठुरन से राहत
मौसम विभाग के अनुसार नोएडा में अब दिन में ठिठुरन से हल्की राहत मिल सकती है। आने वाले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हो सकता है। जनवरी के आखिरी दिनों में नोएडा का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो सकता है और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है, जिसके चलते जनवरी के आखिरी दिनों में यहां ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
