शहर

नोएडा में तेज रफ्तार का कहर; कार ने मारी ई-रिक्शा को टक्कर, कई लोग घायल

नोएडा के सेक्टर-49 क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Image

नोएडा के सेक्टर 49 में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Noida News: नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार के कारण एक और सड़क हादसा हो गया। सेक्टर-49 में स्थित एक निजी अस्पताल के सामने एक कार ने सड़क पर जा रहे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज गति में थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सीधे आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और सहायता प्रदान की। सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।

घायलों का इलाज जारी

दैनिक भास्कर के मुताबिक, घायलों की पहचान राजेश, अनूप, राकेश और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। चारों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखकर उपचार दिया जा रहा है। दुर्घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

कार चालक से पूछताछ जारी

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करने की कोशिश की। वहीं, कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने इलाके में तेज गति और लापरवाह ड्राइविंग की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि अस्पताल और रिहायशी क्षेत्रों के आसपास वाहनों की रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण होना चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

सीसीटीवी फुटेज की भी हो रही जांच

प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और घायलों की सेहत पर भी नजर बनाए हुए है। यह मामला पहला नहीं बल्कि नोएडा में पहले भी ऐसे मामले हो चुके हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article