पंजाब में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रही मुहिम में अब महिला पुलिस अधिकारी अग्रिम पंक्ति में नजर आ रही हैं। पंजाब पुलिस में बढ़ती महिला भागीदारी ने न केवल पुलिसिंग की तस्वीर बदली है, बल्कि भगवंत मान सरकार के ‘अपराध-मुक्त पंजाब’ और ‘सुरक्षित पंजाब, खुशहाल पंजाब’ के लक्ष्य को भी मजबूती दी है।
राज्य में ‘गैंग्स्ट्रां ते वार’ और ‘ऑपरेशन प्रहार’ जैसे अभियानों में महिला अधिकारी नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। ये अधिकारी गैंगस्टर नेटवर्क पर लगातार प्रहार कर रही हैं और जमीनी स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाकर अपराधियों तक पहुंच बना रही हैं। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, अब तक हजारों छापेमारी और गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं, जिससे संगठित अपराध के ढांचे को बड़ा झटका लगा है।
पंजाब पुलिस में इस समय 79 महिला अधिकारी विभिन्न रैंकों पर तैनात हैं, जिनमें डीजीपी से लेकर डीएसपी स्तर तक के पद शामिल हैं। इनमें से कई अधिकारी फील्ड में सीधे ऑपरेशन का नेतृत्व कर रही हैं। आधुनिक तकनीक, डेटा विश्लेषण और सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए ये अधिकारी अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभा रही हैं।
फरीदकोट की एसएसपी प्रज्ञा जैन के अनुसार, आज की पुलिसिंग में लिंग नहीं बल्कि क्षमता और समन्वय मायने रखता है। उन्होंने बताया कि महिला टीमें अक्सर स्थानीय महिलाओं से बेहतर संवाद स्थापित कर महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी जुटाने में सफल रहती हैं, जिससे ऑपरेशन ज्यादा प्रभावी होते हैं।
वहीं, आईजीपी निलांबरी जगदाले ने कहा कि राज्य में गैंगस्टरवाद, नशा तस्करी और संगठित अपराध को खत्म करने के लिए लगातार लक्षित कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों और उनके नेटवर्क की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पंजाब पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर डंप और डिजिटल डेटा विश्लेषण जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर अपराधियों तक पहुंच बना रही है। साथ ही ‘घर-घर संपर्क अभियान’ के जरिए आम जनता को भी इस लड़ाई में शामिल किया जा रहा है। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों का यह संतुलित मिश्रण न केवल राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। पंजाब पुलिस का यह मॉडल देश में प्रगतिशील पुलिसिंग का उदाहरण बनकर उभर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
