शहर

Live Update: नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की खबर पर लगाई मुहर, बोले बिहार से संबंध बना रहेगा

Live Update: बिहार में CM नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने का मन बना लिया है। उन्होंने कल से आ रही खबरों पर मुहर लगाते हुए कहा कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं और बिहार से भी उनका नाता बना रहेगा। उन्होंने कहा कि नई बनने वाली सरकार को उनका समर्थन रहेगा।

Image

नीतीश कुमार के सीएम कुर्सी छोड़ने की खबरों के बीच सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

Live Update: बिहार के मुख्यमंत्री और JDU नेता नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का पद छोड़ सकते हैं। उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है और आज ही वह राज्यसभा के लिए अपना नामांकन भर सकते हैं। ऐसे में पार्टी नेता और कार्यकर्ता बड़े ही भावुक हो रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार की जनता ने नीतीश के नाम पर वोट किया था, ऐसा कोई फैसला लेने से पहले बिहार की जनता और कार्यकर्ताओं से पूछना चाहिए। इस बीच स्वयं नीतीश कुमार ने खबर की पुष्टि करते हुए X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी इच्छा राज्यसभा जाने की है और बिहार के साथ उनका संबंध हमेशा बना रहेगा।

इससे पहले नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों से पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिला। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। मुख्यमंत्री आवास के बाहर भी JDU कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सीएम हाउस पहुंचे जेडीयू विधायक कृष्ण कुमार की गाड़ी पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। विधायक को गाड़ी लेकर भागना पड़ा।

इधर वरिष्ठ JDU नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस पूरे मामले पर टिप्पणी दी। पटना पहुंचे ललन सिंह ने कहा कि पार्टी उनकी बनाई हुई है। फैसला नीतीश कुमार का है, उनसे ही प्रतिक्रिया ली जाए। ललन सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री जहां भी जाना चाहें, पार्टी उनकी बनाई हुई है, हमारे चाहने न चाहने से कुछ नहीं होगा। नीतीश कुमार ने बिहार में जो करके दिखाया है, वह कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। नीतीश कुमार ने बिहार को बनाकर दिखाया है, इसलिए फैसला उन्ही का होगा। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में उतरने के प्रश्न पर उन्होंने कहा, राजनीति और JDU ज्वाइन करने पर उन्होंने कहा, मुझे इस बारे में पता नहीं है। हालांकि, कुछ ही देर बार नीतीश कुमार ने अटकलों पर विराम लगाकर पुष्टि कर दी।

आज वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में NDAके सभी पांच प्रत्याशी दोपहर 2 बजे बिहार विधानसभा में अपना नामांकन भरेंगे, जिनमें नीतीश कुमार भी होंगे।

आज सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की खबरों से नाराज दिखे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नीतीश को हटाने की साजिश का आरोप भी लगाया।

आज सुबह ही JDU नेता राजीव रंजन पटेल ने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजें, लेकिन नीतीश कुमार बिहार में ही रहें। उन्होंने कहा,बिहार की जनता रो रही है, किसी ने कल होली भी नहीं मनाई और आज भी हजारों कार्यकर्ता नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की अटकलों पर रो रहे हैं।

राजीव रंजन पटेल ने कहा, भी लोगों ने घर-घर जाकर नीतीश कुमार के लिए वोट मांगा था, न कि किसी अन्य के लिए। आज नीतीश कुमार हट जाएंगे... इसके लिए किसी ने कार्यकर्ताओं से नहीं पूछा। यदि कोई निर्णय किया जाना था तो कार्यकर्ताओं को बुलाया जाता, उनसे पूछा जाता। कोई नीतीश कुमार को हटाने का निर्णय नहीं कर सकता। उन्होंने प्रश्न पूछा, अगर ऐसा ही था तो नीतीश कुमार के नाम पर चुनाव ही क्यों लड़ा गया? यही नहीं उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया तो पूरा बिहार जल उठेगा।

राजीव रंजन पटेल बोले, सैकड़ों महिलाओं ने, कार्यकर्ताओं ने हमें फोन किया है। वे रो रहे हैं..., नीतीश कुमार को कुछ नहीं हुआ है, उनका स्वास्थ्य ठीक है... जनता ने उन्हें वोट दिया है, उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने से पहले जनता से पूछना चाहिए। उन्होंने कहा, रास्ते पर हम पिटते हैं, लात खाते हैं... कोई भी फैसला लेने से पहले कार्यकर्ताओं से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, नीतीश नहीं रहेंगे, तो हम क्या करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद से हटने का फैसला नीतीश कुमार ने नहीं लिया है।

उधर विपक्षी पार्टी RJD के नेता मनोज झा ने भी आज सुबह इस पर टिप्पणी दी। उन्होंने कहा, अगर यह खबर सही है तो यह एक बड़ा शिफ्ट है। उन्होंने कहा, JDU का एक कोर कंसर्न है, लेकिन उनके लोग अपने लीडरशिप को ऐसे जाते नहीं देखना चाहेंगे। उन्होंने कहा, पर्दा उठ जाए तब पता चलेगा कि पात्र कौन-कौन थे और डायरेक्टर कौन?

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article