Nitin Gadkari Weight Challenge: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक बार फिर वजन को लेकर उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया की चुटकी ली। उन्होंने उज्जैन में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से सांसद अनिल फिरोजिया को वजन वाला चैलेंज याद दिलाया। गडकरी ने कहा कि मैंने अनिल फिरोजिया से कहा था कि जितना वजन घटाओगे, उतने हजार करोड़ रुपये शहर के विकास कार्यों के लिए दूंगा। अब वजन फिर से बढ़ रहा है तो सड़कें वापस लेनी पड़ेंगी।
इस पर अनिल फिरोजिया ने कहा कि जीतू पटवारी ने ऑपरेशन कर वजन घटाने की बात कही थी। उन्हीं को दिखाने के लिए वजन बढ़ाया है। हालांकि, बाद में गडकरी ने कहा कि मैं मजाक कर रहा हूं। मेरा भी वजन 135 किलो था। अभी 89 किलो है। मैंने 46 किलो कम किया है। स्वास्थ्य अच्छा होना चाहिए। अगर स्वास्थ्य अच्छा रहेगा तो आप किसी भी ताकत का मुकाबला कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में इस साल हम तीन लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर का काम पूरा करके देंगे। रेलवे स्टेशन से महाकाल तक बनने वाले रोप वे का भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। हमने उनसे रिक्वेस्ट की है- वे आएंगे और भूमि पूजन करेंगे। इससे पहले 11 अक्टूबर को पीएम मोदी 'महाकाल लोक' का लोकार्पण करने उज्जैन पहुंचे थे।
दो माह में वजन कम करके दिखाऊंगा
उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि चुनाव के बाद मेरा वजन बढ़ गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और विधायक ने आरोप लगाया था की मैने ऑपरेशन से वजन कम किया है। उन्हें चेक करने का कहा था। अभी 12 किलो वजन बढ़ गया है। मैं उसे दो महीने में कम करके दिखा दूंगा। अगर ऑपरेशन किया होता तो वजन बढ़ाता नहीं। मैने वजन बढ़ाकर दिखाया कि मैंने ऑपरेशन से इसे कम नहीं किया था।
