West Bengal News: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार सायेम चौधरी भी शामिल हैं। इसके अलावा, भारतीय सेक्युलर फ्रंट (ISF) के एक ग्राम पंचायत सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई मालदा में न्यायिक अधिकारियों के घेराव के मामले में की गई, जो SIR प्रक्रिया में नाम हटाए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों द्वारा किया गया था।
मालदा घेराव मामले में NIA की सख्त कार्रवाई (सांकेतिक फोटो)
जांच का जिम्मा चुनाव आयोग ने NIA को सौंपा
अधिकारियों के अनुसार, कांग्रेस के मोथाबाड़ी सीट से उम्मीदवार सायेम चौधरी को उनके कुछ सहयोगियों के साथ अलीनगर पंचायत क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान हिरासत में लिया गया। यह मामला 1 अप्रैल को हुए घेराव से जुड़ा है, जिसकी जांच का जिम्मा चुनाव आयोग द्वारा NIA को सौंपा गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया, जिसमें पश्चिम बंगाल प्रशासन की भूमिका पर नाराजगी जताई गई थी।
गोलाम रब्बानी को किया गया गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच के आधार पर ISF के ग्राम पंचायत सदस्य गोलाम रब्बानी को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी AIMIM के सदस्य मोफाकरुल इस्लाम से पूछताछ में मिले सुरागों के बाद की गई, जिन्हें पहले ही राज्य पुलिस ने हिरासत में लिया था। सूत्रों के मुताबिक, रब्बानी को कोलकाता लाकर अदालत में पेश किया जा सकता है। अधिकारियों का मानना है कि उससे पूछताछ में इस पूरे मामले से जुड़ी अहम जानकारी सामने आ सकती है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम
गौरतलब है कि, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 (West Bengal Assembly Election 2026) के कार्यक्रम का ऐलान रविवार 15 मार्च 2026 को हुआ था। चुनाव आयोग (ECI) की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, राज्य में चुनाव दो चरणों में होंगे। यहां वोटिंग 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि वोटों की गिनती 04 मई को होगी। बता दें कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को खत्म होना है।
