शहर

NHAI टोल प्लाजा में फर्जीवाड़े पर ED की बड़ी कार्रवाई, 7 राज्यों में 14 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

NHAI टोल प्लाजा में कथित फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ED ने 7 राज्यों में 14 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में अनधिकृत सॉफ्टवेयर से फर्जी टोल रसीदें बनाने और रकम को आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट करने का आरोप है।

Image

NHAI टोल प्लाजा फर्जीवाड़े केस में ED टीम की 14 ठिकानों पर छापेमारी (File Photo)

Photo : PTI

ED Raids: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के टोल प्लाजा पर अवैध सॉफ्टवेयर के जरिए फर्जी रसीदें काटकर करोड़ों रुपये के गबन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय जांच एजेंसी ने देश के 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 14 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत की जा रही है।

किन-किन राज्यों में चल रही है छापेमारी?

ED की लखनऊ जोनल ऑफिस की टीम ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, दिल्ली-NCR और पश्चिम बंगाल में 14 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय द्वारा दर्ज दो पुलिस FIR का संज्ञान लेने के बाद शुरू की गई है। FIR में आरोप लगाया गया है कि NHAI के विभिन्न टोल प्लाजा पर अनधिकृत सॉफ्टवेयर और एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर फर्जी टोल रसीदें बनाई जा रही थीं। इसके माध्यम से टोल से मिलने वाली रकम को NHAI के आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट किए जाने का भी आरोप है। NHAI के आंतरिक रिकॉर्ड्स और तकनीकी फॉरेंसिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के लिए समानांतर सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा था।

मनी ट्रेल और मुख्य लाभार्थियों की तलाश में जुटी ED

ईडी के अधिकारियों के अनुसार, इस छापेमारी का मकसद अवैध कमाई के लाभार्थियों (Beneficiaries) की पहचान करना, वित्तीय लेनदेन की 'मनी ट्रेल' (Money Trail) खंगालना और अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) को कुर्क करना है। अधिकारियों ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सर्वर डेटा, वित्तीय दस्तावेज और बैंक खातों से जुड़ी जानकारियां जब्त की जा रही हैं। फिलहाल ED की जांच जारी है। इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां और खुलासे होने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article