शहर

यूपी-बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए खुशखबरी, इस दिन से शुरू होगी आनंद विहार-पुरुलिया ट्रेन सेवा

यूपी, बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने लंबे इंतजार के बाद आनंद विहार टर्मिनल से पुरुलिया तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की घोषणा की है। इस ट्रेन के जरिए रांची और आसपास के इलाकों से सीधे लखनऊ और अयोध्या के लिए यात्रा करना अब संभव होगा।

Image

आनंद विहार टर्मिनल से पुरुलिया के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन होगी शुरू (प्रतीकात्मक फोटो)

Anand Vihar Terminal Purulia Weekly Express: यूपी-बिहार और झारखंड के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। जानकारी के मुताबिक, लंबे इंतजार के बाद भारतीय रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने का ऐलान किया है। यह ट्रेन 14022/14021 आनंद विहार टर्मिनल–पुरुलिया एक्सप्रेस के नाम से संचालित होगी। इसकी शुरुआत 2 अप्रैल (गुरुवार) को आनंद विहार से और 4 अप्रैल (शुक्रवार) को पुरुलिया से की जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन संख्या 14022 हर गुरुवार सुबह 5:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार को सुबह 10:40 बजे पुरुलिया पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

वापसी की यात्रा में, ट्रेन संख्या 14021 पुरुलिया से हर शुक्रवार शाम 5:00 बजे प्रस्थान करेगी और शनिवार रात 11:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंच जाएगी। इस ट्रेन के मार्ग में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव होगा, जिनमें मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची और मुरी शामिल हैं।

पुरुलिया में हुआ था ट्रेन का उद्घाटन

रांची रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह लगभग 7:20 बजे पहुंचेगी और 7:30 बजे पुनः प्रस्थान करेगी। ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे, जिनमें वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं, जिससे सभी प्रकार के यात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी। गौरतलब है कि इस ट्रेन का उद्घाटन 14 मार्च को पुरुलिया से किया गया था। उद्घाटन के बाद ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से अपनी यात्रा शुरू की। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी और विधायक सीपी सिंह भी उपस्थित थे।

अब रांची से सीधे लखनऊ और अयोध्या

इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से रांची और इसके आस-पास के इलाकों के यात्रियों को काफी सुविधा और लाभ मिलेगा। सबसे जरूरी बात यह है कि अब रांची से सीधे लखनऊ और अयोध्या के लिए ट्रेन उपलब्ध होगी, जो पहले नहीं थी। इन दोनों शहरों के लिए लंबे समय से लगातार सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी। साथ ही, इस ट्रेन के संचालन से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच यात्री कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article