चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है... नए साल पर माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा था। सड़क, रेल और हवाई यातायात के जरिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शनों के कटरा पहुंचते हैं। माता वैष्णो देवी के धाम तक पहुंचने के लिए भारतीय रेलवे की एक अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस भी चलती है। अगर आप भी माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जम्मू जाना चाहते हैं और साथ ही वंदे भारत एक्सप्रेस का लुत्फ लेना चाहते हैं तो आपको निराशा हाथ लगेगी। क्योंकि भारतीय रेलवे ने इस ट्रेन को लगभग डेढ़ महीने से अधिक समय के लिए कैंसिल कर दिया है।
सेमी-हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस
नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 50 दिनों के लिए कैंसिल कर दिया गया है। आज यानी गुरुवार 16 जनवरी से 6 मार्च 2025 तक यह अत्याधुनिक ट्रेन नई दिल्ली और कटरा के बीच नहीं चलेगी। दोनों शहरों के बीच इस सेमी हाईस्पीड ट्रेन को उत्तर रेलवे चलाता और मैनटेन करता है।
क्यों कैंसिल हुइ ट्रेन?
नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को कैंसिल करने का फैसला जम्मू स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के चलते लिया गया है। यहां जम्मू यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। बता दें कि फिलहाल दिल्ली और कटरा के बीच दो वंदे भारत ट्रेनें चलती हैं। पहली है ट्रेन नंबर 22439/22440 (नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी करटा-नई दिल्ली) और दूसरी है ट्रेन नंबर 22477/22478 (श्री माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली)
सिर्फ ये ट्रेन हुए कैंसिल
बता दें कि ट्रेन नंबर 22439/22440 यानी नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली को 50 दिनों के लिए कैंसिल किया गया है। जम्मू यार्ड पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग काम किया जा रहा है। जम्मू स्टेन के रीडेवलपमेंट के काम के लिए यह कार्य बहुत जरूरी है, जिसके कारण ट्रेन कैंसिल करने का फैसला लिया गया है। ट्रेन कैंसिल करने से इस प्रोजेक्ट को आसानी से पूरा करने में मदद मिलेगी। इस दौरान जम्मू में माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए आने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि वह कोई अन्य विकल्प चुन लें।
नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत का टाइमटेबल
ट्रेन नंबर 22439/22440 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस, दिल्ली से जम्मू के बीच 655 किमी के सफर को करीब 8.05 घंटे में पूरा करती है। सिर्फ बुधवार को छोड़कर यह ट्रेन हफ्ते के हर दिन चलती है। यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6 चलकर दोपहर 2.05 बजे कटरा पहुंचती है। अपनी वापसी की यात्रा में ट्रेन दोपहर 2.55 बजे चलकर रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचती है।
इन स्टेशनों पर रुकती है ट्रेन
नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस, नई दिल्ली से कटरा की अपनी इस यात्रा के दौरान अंबाला कैंट, लुधियाना जंक्शन, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी में रुकती है। वंदे भारत ट्रेन में एसी चेयर कार और एग्जक्यूटिव चेयर कार की सुविधा है। इसमें एसी चेयर कार का किराया 1665 रुपेये है, जबकि एग्जक्यूटिव चेयर के लिए आपको 3055 रुपये चुकाने पड़ते हैं।
