शहर

सीकर में NEET Paper Leak के बाद अभ्यर्थी ने हॉस्टल में दी जान, 4 साल की मेहनत बर्बाद होने से था परेशान

NEET परीक्षा निरस्त होने की खबर के बाद छात्र तनाव और अवसाद में चल रहा था। इसी बीच उसने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Image

नीट अभ्यर्थी सुसाइड केस

राजस्थान के सीकर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है, जो पिछले चार साल से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह सीकर के पिपराली रोड स्थित एक हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि इस बार उसे अपने चयन को लेकर काफी भरोसा था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हाल ही में NEET परीक्षा निरस्त होने की खबर के बाद छात्र तनाव और अवसाद में चल रहा था। इसी बीच उसने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

सीकर देशभर में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बड़ा केंद्र माना जाता है। यहां हर साल हजारों छात्र कोचिंग के लिए आते हैं। ऐसे में छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article