Noida Traffic Advisory: अगर आज आप नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे या ग्रेटर नोएडा के रास्तों पर सफर करने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है। म्यांमार के राष्ट्रपति 'मिन आंग ह्लाइंग' का काफिला रविवार दोपहर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर ग्रेटर नोएडा जाएगा। VVIP दौरे और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने आज ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है।
नोएडा में सुबह 7 से रात 10 बजे तक यातायात प्रभावित
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक मालवाहक (भारी) वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे के बीच कई प्रमुख रास्तों पर जरूरत के अनुसार कुछ समय लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है। हालांकि इस दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों पर कोई रोक नहीं रहेगी।
नोएडा के किन रास्तों पर डायवर्जन
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, आज चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, फिल्म सिटी, महामाया फ्लाईओवर, जीरो प्वाइंट, परी चौक, अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर, जगत फार्म, एलजी गोलचक्कर, मोजर बेयर गोलचक्कर, दुर्गा टॉकीज गोलचक्कर, सूरजपुर चौक, यामाहा तिराहा और कच्ची सड़क तिराहा समेत कई रास्तों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, परी चौक से सूरजपुर चौक मार्ग, ताज एक्सप्रेसवे और डीएससी (DSC) रोड पर भी वाहनों को कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस का हेल्पलाइन नंबर
पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करनी की अपील की है। साथ ही लोगों को यात्रा की योजना घर से निकलने से पहले बनाने की सलाह दी है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके। ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया है। यातायात संबंधी किसी भी जानकारी या समस्या के लिए लोग इस नंबर पर आप संपर्क कर सकते हैं।
