Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात में कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उसे गोलियों से भून डाला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
जमानत पर बाहर था गोविंद
जानकारी के अनुसार, गोविंद शर्मा का नाम मुजफ्फरपुर के कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। वह पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड समेत कई गंभीर मामलों में आरोपी रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था। गोविंद पिछले लगभग एक महीने से मुजफ्फरपुर के आईकॉन टावर में किराये के फ्लैट में रह रहा था। रविवार रात करीब 10 बजे वह टावर के बाहर मौजूद था, तभी कुछ हमलावर वहां आए और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर शूटआउट के बाद पुलिस ने शुरू की तफ्तीश
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने हमले के लिए 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी ने बताया कि हत्या की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मृतक के पुराने आपराधिक मामलों और दुश्मनी के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
