शहर

मुजफ्फरपुर हॉस्पिटल अग्निकांड में बढ़ा मौतों का आंकड़ा, इलाज के दौरान एक और मरीज ने तोड़ा दम; 7 हुई मृतकों की संख्या

मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। हादसे में झुलसे एक और मरीज अंजनी कुमार सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य मरीज का उपचार जारी है। घटना के बाद प्रशासन ने अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर जांच शुरू कर दी है।

Image

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड में एक और मरीज की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Muzaffarpur Hospital Fire: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में लगी आग की त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को एक और मरीज की मौत हो जाने के बाद बढ़कर सात हो गई है। इसके साथ ही अस्पताल का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है, जहां आईसीयू वार्ड में आग लगने के बाद दम घुटने से मरीजों की मौत हो गई थी। बता दें कि बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण आईसीयू में धुआं भर जाने से पांच मरीजों की मौत हो गई थी।

अंजनी कुमार सिंह की हुई मौत

आरोप है कि घटना के दौरान अस्पताल कर्मी मरीजों को असहाय छोड़कर भाग गए। एक अन्य व्यक्ति की शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मुजफ्फरपुर जिले के एक अधिकारी ने बताया कि आईसीयू से बचाए गए अंजनी कुमार सिंह नामक व्यक्ति की शनिवार को मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि अंजनी कुमार सिंह मुजफ्फरपुर जिले के पर्री गांव के निवासी थे। वे पहले से किडनी और लीवर संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे।

प्रसाद अस्पताल का लाइसेंस हुआ रद्द

इस बीच, मुजफ्फरपुर के जिला जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद कुमार ने शनिवार को कहा, "अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही को देखते हुए मुजफ्फरपुर के सिविल सर्जन ने प्रसाद अस्पताल का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।" उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधन को इस संबंध में सात दिन के अंदर आवश्यक अभिलेख और साक्ष्यों के साथ तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

तीन कर्मचारियों की हुई गिरफ्तारी

आग की घटना के सिलसिले में प्रसाद अस्पताल के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। अग्निशमन विभाग के महानिदेशक शोभा आहोटकर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सभी मौतें दम घुटने के कारण हुईं और किसी भी मृतक के शरीर पर जलने के निशान नहीं थे। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article