Mumbai News: दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके में स्थित मुंबई पोर्ट ट्रस्ट परिसर के BPS पोर्ट पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां एक जहाज से भारी कार्गो उठाने के दौरान क्रेन में अचानक आग लग गई। जिसके बाद क्रेन पलट गई। इस हादसे में क्रेन के दो ऑपरेटर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे हुई। BPS पोर्ट पर बारबाडोस के झंडे वाले जहाज वियना से करीब 140 मीट्रिक टन वजन का कार्गो उतारा जा रहा था। बरकत कंपनी की दो क्रेनों की मदद से इसे उतारा जा रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Patna News: बाढ़ में 4 युवकों की जहरीली शराब पीने से मौत, मौके पर पहुंचे मंत्री विजय सिन्हा, बोले- होगी कठोर कार्रवाई
लोड का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, कार्गो उठाते समय एक क्रेन पर कार्गों से जुड़ा पट्टा अचानक असंतुलित होकर निकल गया। इसके चलते पूरा लोड दूसरी क्रेन पर आ गया। अचानक भारी वजन पड़ने के कारण दूसरी क्रेन जमीन से ऊपर उठ गई और उसका आगे का टेलिस्कोपिक बूम जहाज से टकरा गया। जहाज से टकराने के दौरान हुए घर्षण से क्रेन में आग लग गई। आग लगने के बाद क्रेन पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -Kushinagar News: कुशीनगर में 50 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पोर्ट फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम तुरंत आग बुझाने में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में बरकत कंपनी के दो क्रेन ऑपरेटर रंजीत सिंह और निशांत सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
