शहर

मुंबई में बकरीद पर कड़ी सुरक्षा! चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे हजारों पुलिसकर्मी, सुरक्षा के लिए SRPF और दंगा नियंत्रण बल भी मुस्तैद

मुंबई में 28 मई को बकरीद का त्योहार बड़े उत्साह और धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया जाएगा, जिसके लिए शहरभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नमाज और कुर्बानी के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने हजारों जवानों की तैनाती कर कड़े इंतजाम किए हैं।

Image

बकरीद पर मुंबई में हाई अलर्ट

Bakrid 2026 Mumbai Security: 28 मई को मुंबई भर में बकरीद यानी ईद उल-अजहा का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा, जिसमें मुस्लिम समुदाय के नागरिक बड़ी संख्या में मस्जिदों, दरगाहों और मदरसों में नमाज अदा करने और कुर्बानी के कार्यक्रमों के लिए एकत्रित होंगे। त्योहार के दौरान मुंबई शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में और पुलिस सह-आयुक्त (कानून व व्यवस्था) की देखरेख में सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।

हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती

बकरीद के मौके को सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए मुंबई पुलिस बल ने बड़े पैमाने पर तैनाती की है, जिसके तहत शहर में कम से कम 8 अपर पुलिस आयुक्त, 21 पुलिस उप-आयुक्त, 61 सहायक पुलिस आयुक्त, 1980 पुलिस अधिकारी और 10,110 पुलिस अंमलदार मुस्तैद रहेंगे। इस भारी पुलिस बल के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आरसीपी (RCP) और एंटी-डेमो टीमों को तैनात किया गया है, और साथ ही शहर के सभी संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थानों पर एसआरपीएफ (SRPF) प्लाटून, दंगा नियंत्रण पथक (रैपिड एक्शन फोर्स/दंगा नियंत्रण बल), त्वरित प्रतिक्रिया बल (QRT), डेल्टा, कॉम्बैट और होमगार्ड के जवानों का चोख बंदोबस्त तय किया गया है।

मुंबई पुलिस ने की आम जनता से अपील

मुंबई पुलिस ने सभी नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम बरतें और व्यवस्था बनाए रखने में ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों का पूरा सहयोग करें। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें और नियमों का पालन करते हुए इस त्योहार को खुशी व उत्साह से मनाएं। आपातकालीन स्थिति या किसी भी तत्काल पुलिस सहायता के लिए नागरिक चौबीसों घंटे चालू रहने वाले हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं।

बकरीद से पहले हुआ था बवाल

गौरतलब है कि ठाणे के मीरा रोड इलाके की एक आवासीय सोसाइटी में बकरीद से पहले अस्थायी शेड बनाने और कुर्बानी के बकरों को बांधने को लेकर उपजे विवाद के कारण झड़प हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया जिसके बाद पुलिस ने हालात संभाले। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद रविवार को मीरा रोड के पास पूनम क्लस्टर क्षेत्र में स्थित 'सृष्टि कॉम्प्लेक्सट में तब शुरू हुआ, जब निवासियों और हिंदू संगठनों ने आवासीय कॉम्प्लेक्स परिसर में कुर्बानी के बकरों के लिए शेड बनाने पर आपत्ति जताई।

विरोध प्रदर्शनों के बाद इस अस्थायी ढांचे को हटा दिया गया, लेकिन मुस्लिम समुदाय के सदस्यों द्वारा विरोध में इकट्ठा होने और काशीमीरा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद तनाव और बढ़ गया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए हस्तक्षेप किया, लेकिन बाद में रात में कथित तौर पर हाथापाई हो गई। सोमवार दोपहर को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब विरोध कर रहे निवासी सोसाइटी के गेट पर एकत्र हो गए, नारेबाजी की, हनुमान चालीसा का पाठ किया और परिसर के भीतर एक सुअर लाने का प्रयास किया। इस बीच, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि परिसर में बकरों को वापस लाए जाने के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जिस दौरान विहिप के एक पदाधिकारी और दो अन्य लोगों पर कथित तौर पर ब्लेड से हमला किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article