महाराष्ट्र के रायगढ़ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रायगढ़ के पेन में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक लावारिस सूटकेश मिला है। जिसमें एक महिला की लाश बरामद हुई है। यह घटना दोपहर में सामने आई है। सूटकेस में महिला की लाश सड़ी-गली हालत में मिली है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
नहीं हो सकी शव की शिनाख्त
रायगढ़ में पेन तालुका के दुरशेत गांव के लोगों को सड़क किनारे सूटकेस पड़ा दिखाई दिया। जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम को सूटकेश में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। महिला की उम्र 25 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को मुंबई में जेजे अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शव की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस को शक है कि किसी ने महिला की हत्या कर उसकी लाश की सूटकेस में पैक कर दिया और हाइवे पर फेंक कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस सभी टोल नाकों के सीसीटीवी की जांच कर रही है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के लोगों से भी मदद ली जा रही है। साथ ही जिले के अलग-अलग थानों में लापता महिलाओं की दर्ज रिपोर्ट की भी वेरीफिकेशन की जा रही है।
