मुंबई

वेस्टर्न रेलवे का मेगा ब्लॉक, आज और कल 334 ट्रेनें कैंसिल; जानें क्या काम किया जाएगा

मुंबई लोकल ट्रेन से सफर करने वाले लोगों के लिए 2 दिन भारी पड़ने वाले हैं। 11 अप्रैल और 12 अप्रैल को 334 ट्रेनें कैंसिल की गई हैं। रोजाना सफर के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इन ट्रेनों में सफर 13 तारीख से फिर शुरू हो जाएगा। आइए जानते हैं काम और समय में हुए बदलावों के बारे में।

Image

वेस्टर्न रेलवे का मेगा ब्लॉक

Mumbai Local Trains Mega Block: वेस्टर्न रेलवे 11 और 12 अप्रैल की रात एक मेगा ब्लॉक करने जा रहा है इस कारण 334 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। माहिम और बांद्रा के बीच बनने वाले नए पुल के कारण ये ब्लॉक किया गया है। इसका सीधा असर रोजाना लोकल ट्रेनों का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

शुक्रवार, 11 अप्रैल को रात 10:23 बजे से चर्चगेट से छूटने वाली सभी डाउन स्लो लोकल ट्रेनें और चर्चगेट की तरफ जाने वाली सभी अप स्लो लोकल ट्रेनें मुंबई सेंट्रल और सांताक्रूज के बीच फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी। यानी ये ट्रेनें महालक्ष्मी, लोअर परेल, प्रभादेवी, माटुंगा रोड, माहिम और खार रोड स्टेशन पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी जिससे इन इलाकों के यात्रियों को परेशानी होगी।

कब रहेगा ब्लॉक

अप और डाउन स्लो लाइन पर 11 अप्रैल रात 11:00 बजे से 12 अप्रैल सुबह 8:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा और फास्ट लाइन पर 11 तारीख की दोपहर 12:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। फिर 12 अप्रैल, शनिवार को स्लो लाइन पर रात 11:30 बजे से 13 अप्रैल सुबह 9:00 बजे तक ब्लॉक रहेगा और फास्ट लाइन पर रात 11:30 बजे से रविवार सुबह 8:00 बजे तक ब्लॉक रहेगा।

होना है यह काम

वेस्टर्न रेलवे माहिम और बांद्रा के बीच एक नया पुल बना रहा है। जिसकी गर्डरिंग होगी। गर्डरिंग यानी किसी पुल वगैरह में संरचना को सहारा देने के लिए बीम लगाना। किसी इमारत या संरचना के भीतर सपोर्ट के लिए बड़े बीमों को लगाया जाता है, जिन्हें गर्डर्स कहा जाता है। गर्डर्स आमतौर पर स्टील या कंक्रीट से बने होते हैं। माहिम और बांद्रा के बीच बन रहे नए पुल की भी गर्डरिंग की जानी है जिससे 11 और 12 अप्रैल की रात को ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहेगा। कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी और कुछ के रास्ते बदल दिए जाएंगे।

ये होंगे बदलाव

लोकल ट्रेनें महालक्ष्मी, लोअर परेल, प्रभादेवी, माटुंगा रोड, माहिम और खार रोड स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।

विरार से चर्चगेट के लिए आखिरी लोकल ट्रेन रात 12:05 बजे रवाना होगी। लोकल ट्रेनें चर्चगेट और दादर के बीच फास्ट लाइन पर चलेंगी। गोरेगांव और बांद्रा के बीच चलने वाली ट्रेनें हार्बर लाइन पर चलेंगी। विरार और अंधेरी के बीच की ट्रेनें स्लो और फास्ट दोनों रूटों का इस्तेमाल करेंगी।

12 तारीख को ये सुविधाएं होंगी शुरू

12 अप्रैल शनिवार को पहली चर्चगेट लोकल ट्रेन सुबह 6:10 बजे भायंदर से रवाना होगी, जो सांताक्रूज़ और मुंबई सेंट्रल के बीच फास्ट रूट से चलेगी। पहली बोरीवली-चर्चगेट स्लो लोकल सुबह 8:03 बजे रवाना होगी। चर्चगेट से बोरीवली के लिए पहली फास्ट लोकल सुबह 6:14 बजे शुरू होगी। पहली चर्चगेट-विरार फास्ट लोकल सुबह 6:15 बजे रवाना होगी और पहली चर्चगेट-बोरीवली धीमी लोकल सुबह 8:03 बजे से शुरू होगी।

13 अप्रैल से सेवाएं होंगी बहाल

13 अप्रैल को विरार-चर्चगेट स्लो लोकल सुबह 8:08 बजे चलेगी। पहली भायंदर-चर्चगेट लोकल सुबह 8:24 बजे रवाना होगी। पहली विरार-चर्चगेट फास्ट लोकल सुबह 8:18 बजे शुरू होगी और पहली चर्चगेट-विरार फास्ट लोकल सुबह 9:03 बजे रवाना होगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article