मुंबई

ठाणे में गणेश चतुर्थी की तैयारियां शुरू, विसर्जन के लिए किए जाएंगे ये खास इंतजाम

गणेश चतुर्थी उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार मूर्ति विसर्जन के लिए ठाणे नगर निगम पानी की टंकी से लैस वाहनों को अलग-अलग इलाकों में घुमाएगा। जिससे लोगों को भीड़-भाड़ वाले विसर्जन स्थल नहीं जाना पड़ेगा।

Image

गणेश चतुर्थी की तैयारियां शुरू

Photo : iStock

Ganesh Chaturthi 2024: श्रद्धालुओं की सुविधा और समुद्र के किनारे भीड़ जुटने से रोकने के लिए ठाणे नगर निगम ने गणेश चतुर्थी उत्सव के दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए विभिन्न इलाकों में पानी की टंकियों वाले वाहन घुमाने का फैसला किया है। इसके अलावा ठाणे नगर निगम ने मूर्ति विसर्जन के लिए नौ घाट, 15 कृत्रिम तालाब, 10 मूर्ति केंद्र और 49 टंकी विसर्जन प्रणाली भी स्थापित की हैं।

नहीं जाना पड़ेगा भीड़ वाले विसर्जन स्थल

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, नगर निगम आयुक्त सौरभ राव की ओर से की गई इस पहल का मकसद श्रद्धालुओं के लिए मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया को अधिक सुलभ और सुव्यवस्थित बनाना है। बयान के अनुसार, पानी की टंकियों से लैस वाहन अलग-अलग इलाकों में घूमकर श्रद्धालुओं को विधि-विधान के साथ मूर्ति विसर्जित करने की सुविधा देंगे, जिससे उन्हें भारी भीड़ वाले विसर्जन स्थलों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस दिन चलाए जाएंगे वाहन

दस दिन का गणेश चतुर्थी उत्सव सात सितंबर से शुरू होने वाला है। इस दौरान, पूरे महाराष्ट्र में लोग घरों और सार्वजनिक स्थलों पर गणेश प्रतिमा स्थापित करते हैं। बयान के मुताबिक, विसर्जन के प्रमुख दिनों-आठ, 12 और 14 सितंबर को पानी की टंकियों वाले छह वाहन चलाए जाएंगे। इसमें बताया गया है कि वाहन में मौजूद पानी की टंकी में विसर्जित मूर्तियों के अवशेषों को निर्दिष्ट कृत्रिम झीलों और अन्य विसर्जन स्थलों में विसर्जित किया जाएगा।

(इनपुट-भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article