Solapur Stone Pelting: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से पथराव की एक और घटना सामने आई है। बता दें कि 10 दिन के भीतर यह दूसरा मामला है। सोलापुर मंडल में मुंबई-चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेन पर पारेवाडी और वाशिंबे के बीच कुछ अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किया गया। इस घटना में कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन ट्रेन की खिड़कियां टूट गई है और कुछ लोग को मामूली चोट भी आई है। ट्रेन पर पथराव होने से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही सोलापुर लोहमार्ग पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि 10 दिन में पथराव की दो घटनाओं से आरपीएफ और रेलवे पुलिस की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
वंदे भारत पर भी किया गया था पथराव
जानकारी के लिए बता दें कि साल की शुरुआत में 2 जनवरी को सोलापुर में रात करीब 9 बजे वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन पर भी पथराव किया गया था। पथराव की इस घटना को कुछ अज्ञात लोगों द्वारा जेउर-कुर्डूवाडी स्टेशन के बीच भलवानी के पास दिया गया था। इस घटना को अभी 10 दिन भी नहीं बीते हैं कि दूसरा ट्रेन पर पथराव करने की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों को तलाश कर रही है।
