Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के जलगांव में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। शुक्रवार को महाशिवरात्रि के बाद जलगांव में चल रहे मेले में खडसे की बेटी से साथ छेड़छाड़ हुई। मेले में आये कुछ युवकों ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने पहुंची। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी अपने दोस्तों के साथ कोथली गांव में एक यात्रा देखने गए थे। उनके साथ में सुरक्षा गार्ड भी थे। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड को कुछ युवकों पर शक हुआ कि वे मंत्री की बेटी और उसकी सहेली के परिवार का वीडियो बना रहे हैं। शक के आधार पर सुरक्षा गार्ड ने युवक के हाथ से मोबाइल लेकर उसकी जांच की। जिससे नाराज होकर युवक सुरक्षा गार्ड से भिड़ गए। जिससे घटनास्थल पर हडकंप मच गया।
सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज
सुरक्षा गार्ड ने हाथापाई करने वाले लोगों के खिलाफ मुक्ताई नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज किया है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं केंद्रीय मंक्षी रक्षा खड़से भी पुलिस स्टेशन में पहुंची और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि 28 फरवरी को जलगांव जिले के मुक्ताईनगर के कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा आयोजित हुई थी। इस दौरान 7 लड़कों ने मेले में कुछ लड़कियों का पीछा किया और उनसे छेड़छाड़ की कोशिश की। आरोपियों की पहचान अनिकेत भुई, पियूष मोरे, सोहम कोणी, अनुज पाटिल, किरण माणी औरसचिन पाल के तौर पर हुई है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अनिकेत भुई के खिलाफ पहले से मारपीट का मामला दर्ज है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
