मुंबई

ठाणे के कुंडे गांव में बिजली चोरी, तार हटाने पर भड़के ग्रामीणों ने किया MSEDCL के कर्मचारियों पर हमला, तीन गिरफ्तार

ठाणे के कुंडे गांव में निरीक्षण के लिए गई एमएसईडीसीएल की टीम ने बिजली चोरी करने वालों की तार काट दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने हमला करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

ठाणे में MSEDCL के कर्मचारियों पर हमला

Photo : iStock

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में निरीक्षण के दौरान महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) के कर्मचारियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब एमएसईडीसीएल की टीम भिवंडी तालुका के कुंडे गांव में निरीक्षण करने पहुंची। वहां बिजली चोरी के कई मामले सामने आए। एमएसईडीसीएल की टीम ने एक्शन लेते हुए अवैध बिजली की आपूर्ति को बंद किया तो इससे नाराज कुछ लोगों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस हमले में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर हमला

गणेश पुलिस थाने के निरीक्षक संदीपन सोनवणे ने बताया कि भिवंडी तालुका के कुंडे गांव में निरीक्षण के दौरान टीम को बिजली चोरी के कई मामले मिले। उन्होंने पाया कि करीब आधा दर्जन घरों में बिजली के मीटर नहीं लगे थे। एमएसईडीसीएल कर्मियों ने नियमों के तहत अवैध बिजली आपूर्ति को बंद कर दिया और बिजली कनेक्शन के तार हटा दिए। एक अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई से कुछ लोग नाराज हो गए और उन्होंने एमएसईडीसीएल कर्मियों से दुर्व्यवहार किया और उन पर हमला कर दिया।

इसके बाद, एमएसईडीसीएल टीम ने गांव के पंचायत अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन आरोपी अन्य ग्रामीणों के साथ वहां भी पहुंच गए और दोबारा मारपीट की जिससे कुछ कर्मचारियों को चोटें आईं। एमएसईडीसीएल टीम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article