मुंबई

'तीसरी मुंबई' को राज्य सरकार की ओर से मिली हरी झंडी, जानें कितना खास होगा यह नया शहर

मुंबई में बढ़ती आबादी के कारण लोगों को बेहतर घर, बुनियादी ढांचा और परिवहन सुविधाएं देने के लिए तीसरी मुंबई नाम का शहर बनाया जा रहा है। जिसके लिए राज्य सरकार की ओर से मंजूरी मिल गई है।

Image

'तीसरी मुंबई' को मिली मंजूरी (फोटो साभार - istock)

Third Mumbai City: मुंबई और नवी मुंबई के बाद अब एक तीसरी मुंबई का जन्म होने वाला है। इस नए शहर के निर्माण को लेकर राज्य सरकार की ओर से मंजूरी मिल गई है। यह शहर नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकसित किया जाएगा। जिसे ट्रांस हार्बर लिंक के माध्यम से मुंबई से जोड़ा जाएगा। सूत्रों के अनुसार इस नए शहर के प्रस्ताव पर पिछले हफ्ते मंजूरी दी गई है। मुंबई में बढ़ती आबादी के कारण लोगों को बेहतर घर, बुनियादी ढांचा और बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के लिए इस नए शहर के निर्माण का फैसला लिया गया है। जिसे तीसरी मुंबई का नाम दिया गया है।

थर्ड मुंबई में शामिल होने वाले क्षेत्र

थर्ड मुंबई बनाने के लिए न्यू टाउन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एनटीडीए) नाम का नया निकाय बनाया गया है। जिसमें उल्वे, पेण, पनवेल, उरण, कर्जत समेत आसपास के 323 वर्ग किमी का हिस्सा शामिल होगा। इसके अलावा 200 गांव भी एनटीडीए का हिस्सा हो सकते हैं, इन गांवों में नवी मुंबई एयरपोर्ट इन्फ्लुएंस नोटिफाइड एरिया यानी नैना के तहत आने वाले 80-90 गांव भी शामिल हैं। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआरडीए) के अंतिम छोर को नया रूप देने की जिम्मेदारी मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण यानी एमएमआरडीए को मिल सकती है।

नए शहर का बुनियादी ढ़ाचा

एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक थर्ड मुंबई में एक सुविकसित शहर जैसा बुनियादी ढ़ाचा होगा। जिसमें आवासीय और कॉमर्शियल कैंपस, डाटा सेंटर, मल्टीनेशनल कंपनियां, नॉलेज पार्क आदि चीजें होंगी। तीसरी मुंबई नाम के इस नए शहर को आर्थिक गतिविधियों को और बढ़ावा देने के साथ ही देश की जीडीपी में योगदान देने के लिए प्रस्तावित किया गया है। खारघर में दूसरे बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) को विकसित करना भी योजनाओं में से एक है। जोकि 150 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र पर विकसित होगा। यह भारतीय और मल्टीनेशनल कंपनियों को समान रूप से आकर्षित करेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article