Mumbai News: संविधान के जनक डॉ.भीमराव आंबेडकर की 6 दिसंबर को पुण्यतिथि है। इस मौके पर मध्य रेलवे बुधवार को मुंबई में स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। 6 दिसंबर को मध्य रेलवे लंबी दूरी की 18 ट्रेनें और 12 अतिरिक्त लोकल सेवाओं का संचालन करेगा। आंबेडकर की जयंती को हर साल छह दिसंबर को 'महापरिनिर्वाण दिवस' के रूप में मनाया जाता है। इस मौके मुंबई के स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था का भी कड़ा इंतजाम किया जा रहा है। साथ ही जवानों की तैनाती भी की जा रही है।
लोगों की आवाजाही के लिए खास इंतजाम
मध्य रेलवे मंगलवार और बुधवार को विभिन्न स्थानों से लोगों की आवाजाही की सुविधा के लिए 12 अतिरिक्त उपनगरीय सेवाओं तथा लंबी दूरी की 18 ट्रेनों का संचालन करेगा। जिसमें आठ ट्रेनें मुंबई की ओर चलाई जाएंगी और 10 ट्रेनें मुंबई से परिचालित होंगी। इसके अलावा दादर और मुंबई के अन्य स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। यहां पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अलावा जवानों को तैनात किया जा रहा है।
स्टेशनों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था
एक विज्ञप्ति के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को दादर स्टेशन पर आरपीएफ के 140 अतिरिक्त जवानों और जीआरपी के 250 जवानों को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और कल्याण स्टेशन पर आरपीएफ के 24 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जा रही है।
