मुंबई

Kolkata Doctor Case: आज पुलिस को राखी बांधेंगे महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर, जारी रहेगी अनिश्चितकालीन हड़ताल

कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या से गुस्साएं रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को जारी रखने का एलान किया है। ​महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कहा है कि सोमवार को डॉक्टर सरकारी अधिकारियों, कॉलेज प्रशासकों, पुलिस, सुरक्षाकर्मियों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को राखी बांधेंगे।

Image

महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर जारी रखेंगे हड़ताल

Kolkata Doctor Murder Case: महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टरों ने कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ बलात्कार और फिर उसकी हत्या करने के विरोध में अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। वहीं, उनके संगठन ने रविवार को मांग की कि सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए और केंद्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए।

राखी बांधने का फैसला महज प्रतीकात्मक नहीं

महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) 13 अगस्त से हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोलकाता मामले पर जारी प्रदर्शन के तहत सोमवार को चिकित्सक सरकारी अधिकारियों, कॉलेज प्रशासकों, पुलिस, सुरक्षाकर्मियों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को राखी बांधेंगे। एमएआरडी ने एक बयान में कहा, ''राखी बांधने का फैसला महज प्रतीकात्मक नहीं है; यह व्यवस्था को सीधी चुनौती है कि वह हमें हमारे चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को हिंसक भीड़ के हमले से बचाएं। हम महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टर मामले पर आक्रोश व्यक्त करने और कार्रवाई कराने की मांग के लिए एकजुट हैं। यह सिर्फ न्याय की मांग नहीं है। यह तत्काल, बिना किसी समझौते के सुरक्षात्मक सुधारों की मांग है।''

पीएमओ को राखी के साथ पत्र भेजकर की जाएगी मांग

एमएआरडी के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को राखी के साथ पत्र भेजकर मांग की जाएगी कि सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए। एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से केन्द्रीय स्वास्थ्य देखभाल संरक्षण अधिनियम को जल्द लागू करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की जान से समझौता नहीं किया जा सकता।

(इनपुट-भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article