जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले ने हर किसी को झकझोर दिया। इस हमले ने ठाणे के 16 वर्षीय ध्रुव जोशी के सिर से पिता का साया छीन लिया। पहलगाम हमले में मारे गए 26 निर्दोष लोगों में ध्रुव जोशी के पिता हेमंत जोशी भी शामिल हैं। हेमंत जोशी के बेटे का मंगलवार को 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आया है। जिसमें ध्रुव 80 प्रतिशत अंक के साथ पास हुआ है। लेकिन इस सफलता का जश्न मनाने के लिए उसके पिते ध्रुव के साथ मौजूद नहीं थे। ध्रुव अपनी बोर्ड परीक्षा के बाद परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गया था। जहां इस आतंकी हमले में उसने अपने पिता को खो दिया।
डॉक्टर बनना ध्रुव का सपना
पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले हेमंत जोशी के बेटे ध्रुव जोशी ने इस साल 10वीं की बोर्ड परीक्षा दी थी। जिसके बाद वह छुट्टियों में अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गया था। ध्रुव 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत नंबरों से सफल हुआ है। वह ओमकार इंटरनेशनल स्कूल का छात्र है। 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद अब ध्रुव साइंस स्ट्रीम में एडमिशन लेना चाहता है। उसका सपना है कि वह बड़े होकर डॉक्टर बने।
ध्रुव के सामने पिता को मारी गोली
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले में आतंकवादियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी। ये लोग अपने परिवार के संग जम्मू-कश्मीर में घूमने के लिए आए थे। इस दौरान 22 अप्रैल को बैसारन घाटी में आतंकियों ने उनपर हमला कर दिया और 26 लोगों की बेहरमी से हत्या कर दी। इन 26 लोगों में ध्रुव जोशी के पिता हेमंत जोशी भी शामिल हैं, जिसे आतंकियों ने ध्रुव के सामने ही गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
