Nagpur Road Accident: महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे खबर सामने आई है। यहां सड़क दुर्घटना में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक पुलिसअधिकारी ने बताया कि तीनों एक ही बाइक पर सवार कहीं जा रहे थे, तभी ये हादसा का शिकार हो गए। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है और जिस चार पहिया वाहन से उनकी टक्कर हुई है उसकी तलाश की जा रही है।
नागपुर में सड़क दुर्घटना
अज्ञात वाहन की टक्कर में 3 लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि ये सड़क हादसा नागपुर के जिला मुख्यालय से करीब 60 किमी की दूरी पर केलवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के पांढुर्णा राजमार्ग के पास हुआ। पुलिस ने तीनों मृतकों की पहचान शिवाजी परसराम सिरसाम (38), बेटा ललित (10) और चाचा अनिल रमेश इवनाती (40) के रूप में की। पुलिस ने बताया कि ये तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर जटमखरा गांव किसी परिचित के अंतिम संस्कार में जा रहे थे। उसी दौरान एक चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे व्यक्ति को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस इंस्पेक्टर अनिल राउत ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना में शामिल चार पहिया वाहन का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
(इनपुट - भाषा)
