मुंबई

फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स की हुई पहचान, गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित

नागपुर पुलिस ने एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के मामले में एक संदिग्ध की पहचान की है। हालांकि, पहचान करने के बाद से वह फरार है, जिसे गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने राज्य के गोंदिया निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति की पहचान एयरलाइनों के विमानों को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने वाले व्यक्ति के रूप में की है। बता दें कि पिछले दिनों मिली इस प्रकार की धमकियों के चलते दहशत फैल गई, उड़ानों में देरी हुई और हवाई अड्डों तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ानी पड़ी।

धमकी देने वाले की पहचान

नागपुर शहर की पुलिस की विशेष शाखा ने व्यक्ति की पहचान जगदीश उइके के रूप में की है जो आतंकवाद पर एक किताब का लेखक है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को एक मामले में 2021 में गिरफ्तार किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘धमकी भरे ईमेल का उइके से संबंध होने का पता चलने के बाद से वह फरार है।’’ पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्वेता खेडकर के नेतृत्व में की गई जांच में उइके के ईमेल से जुड़े विस्तृत तथ्य सामने आए।

पीएम से लेकर मंत्री तक को ईमेल

अधिकारी ने बताया कि उइके ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), रेल मंत्री, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री, एयरलाइन कंपनियों के कार्यालयों, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सहित विभिन्न सरकारी संस्थाओं को धमकी भरे ईमेल भेजे।

नागपुर में बढ़ाई गई थी सुरक्षा

सोमवार को नागपुर पुलिस ने उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के नागपुर स्थित आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी थी, क्योंकि उइके ने एक ईमेल भेजा था जिसमें धमकी दी गई थी कि अगर उसे गुप्त आतंकी कोड के बारे में जानकारी देने का मौका नहीं दिया गया तो वह इसके विरोध में कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि उइके ने आतंकी खतरों के बारे में अपनी जानकारी पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का भी अनुरोध किया।

संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित

अधिकारी ने बताया कि उइके द्वारा 21 अक्टूबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए ईमेल तथा डीजीपी और आरपीएफ को भेजे गए ईमेल के आधार पर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा उपाय किए गए। उन्होंने कहा, ‘‘उइके को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इससे पूर्व सरकारी एजेंसियों ने बताया था कि 26 अक्टूबर तक 13 दिनों में भारतीय एयरलाइनों द्वारा संचालित 300 से ज्यादा उड़ानों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियां मिलीं। ज्यादातर धमकियां सोशल मीडिया के जरिए दी गईं। सूत्रों ने पहले बताया था कि अकेले 22 अक्टूबर को इंडिगो और एअर इंडिया की 13-13 उड़ानों सहित करीब 50 उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

इनपुटः भाषा

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article